ललितपुर

शहर में नगर पालिका की शह पर फैलता अतिक्रमण, सकरी होती सड़क

बीच सड़क पर हाथ ठेला और टैक्सियों ने मचा रखा है धमाल

त्यौहार की आड़ में लोगों को परेशान कर रहे अस्थाई दुकानदार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। इन दिनों शहर के लोग मुख्य बाजार जाने में हिचकते हुये नजर आ रहे हैं। कारण, प्रमुख बाजारों में लोगों की भीड़ से अधिक अवैध तरीके से फैला हुआ अतिक्रमण। पुरानी तहसील से लेकर घण्टाघर, सावरकर चौक, आजाद चौक से लेकर नदीपार तक वाहन तो दूर की बात है, पैदल निकलने वालों को भी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। कारण को नजदीक से देखने पर पता चलता है कि नगर पालिका परिषद की शह पर बेतरबीव तरीके से सड़क के बीचों-बीच खड़े होने वाले फल ठेले, ई-रिक्सा और कुछ दुकानदारों द्वारा जबरन सड़क पर फैलाया अवैध अतिक्रमण है। नगर पालिका परिषद की इस कारतूत का ठीकरा लोग यातायात व पुलिस पर फोड़ते नजर आते हैं।
गौरतलब है कि नजदीक ही रक्षाबंधन का त्यौहार है। इस त्यौहार को लेकर शहर के हृदय स्थल घण्टाघर पर मध्य लाइन किनारे से दर्जनों की संख्या में हाथ ठेलों को खड़ा करवा दिया गया है, जिन पर छोटे दुकानदार राखियां व अन्य सामान बेचते नजर आ रहे हैं। वहीं सड़क की दोनों ओर फुटपाथ पर फल, फास्ट फूड और अन्य चीजों को बेचने वाले लोग अपने ठेले जो कि अस्थाई होने के बावजूद भी प्रतिदिन स्थाई तरीके से जमा लेते हैं। इसके बाद शेष बची सड़क पर फलों को ठेले पर रखकर इधर से उधर तक घूम-घूमकर फल बेचने वाले रहते हैं, जिससे सड़क पर आवागमन अवरूद्ध बना रहता है। हालात यहां तक बिगड़ जाते हैं कि कई मीटर चौड़ी सड़क चंद फुट में सिमटने के कारण जाम लग जाता है, जिससे वाहन चालकों ही नहीं वरन पैदल चलने वालों को भी भारी कठिनाईयां होती हैं। यातायात पुलिस दिन भर हाथ ठेला चालकों को हटवाती है, लेकिन जैसे ही यातायात पुलिस वापस होती है, उसके ठीक बाद हाथ ठेला पर सामान बेच रहे लोग जबरन फिर सड़क पर ठेला लगा लेते हैं। इस व्यवस्था की जानकारी करने पर हाथ ठेला चालक दबी जुबान में बताते हैं कि वह नगर पालिका के कर्मचारियों को प्रतिदिन तहबाजारी देते हैं, जिससे कि वह पूरा दिन सड़क पर ठेला लगाये रहते हैं। इसके अलावा यहां से गुजरने वाले वाहनों को जब निकलने की पर्याप्त जगह नहीं मिलती तो जाम लग जाता है। जाम की स्थिति से निजात दिलाने के लिए जब यातायात या चौकी-कोतवाली पुलिस लोगों को समझाती है या फिर सख्ती दिखाती है तो यही लोग व्यवस्था को सुद्रढ़ बनाने के बजाय उल्टा पुलिस की खिलाफत ही करते नजर आते हैं।
कड़ी धूप में यातायात सुगम बना रही पुलिस
त्यौहारी सीजन में शहर के मुख्य बाजार में सड़क के दोनों ओर दुकानदारों और फिर ठेला चालकों द्वारा किये गये अवैध अतिक्रमण से लगने वाले जाम को हटवाने के लिए यातायात पुलिस काफी सक्रिय नजर आती है। सीओ कार्यालय, कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस लगातार भ्रमणशील रहते हैं। इसके अलावा यातायात प्रभारी आलोक कुमार तिवारी भी शहर में यातायात व्यवस्था को सुद्रढ़ बनाने के लिए काफी सक्रिय नजर आये हैं। उनके द्वारा बार-बार लोगों से फुटपाथ को छोड़कर दुकानों को लगाने और अतिक्रमण न करने, जाम की स्थिति न बनाने का आह्वान किया जा रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button