बरेली
मानवता हुई शर्मसार, पैसे नहीं भरने पर अस्पताल ने बेटे का शव रोका
पिता ने सड़क किनारे मांगी भीख

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । मानवता को शर्मसार करने वाली घटना हुई। एक युवक की मौत के बाद उसके पिता को सड़क किनारे भीख मांगनी पड़ी जिससे की वो अस्पताल के पैसे चुकाकर बेटे का शव ले जा सकें। घटना पीलीभीत बाईपास स्थित निजी अस्पताल की है। अस्पताल में इलाज के दौरान घायल युवक की मौत के बाद हंगामा हो गया। परिजनों का आरोप है कि 2.5 लाख रुपये देने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने 2.5 लाख रुपये और मांगे। रुपये नहीं होने पर अस्पताल के स्टाफ ने शव देने से इंकार कर दिया। बता दें कि मृतक के पिता का भीख मांगते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो इज्जतनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों में सुलह कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं की जा सकती । बदायूं के हजरतपुर के नगरिया कला निवासी श्यामलाल का बेटा धर्मवीर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने उसे पीलीभीत बाईपास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में 16 दिन इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया।
घरवालों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने 2.5 लाख रुपये की मांग करते हुए शव देने से इंकार कर दिया। इसी बीच सोशल मीडिया पर श्यामलाल का एक वीडियो वायरल हो गया जिसमें वह लोगों से भीख मांग रहा था। इज्जतनगर पुलिस को सूचना मिली तो वह निजी अस्पताल पहुंची। जांच में पता चला कि वायरल वीडियो बदायूं के नगरिया कला गांव का है। पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन और मृतक के घरवालों से बातचीत कर मामला शांत कराया। शव का पंचायतनामा कर परिजनों को सौंप दिया।



