बेतुल
बैतूल चिचोली का तपश्री ग्राउंड बना अव्यवस्थाओं का शिकार
गैर-खेल आयोजनों से बिगड़ी ग्राउंड की हालत, युवाओं ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

गैर-खेल आयोजनों पर रोक और नियमित निगरानी की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। चिचोली नगर के बच्चों और युवाओं के प्रमुख खेल मैदान तपश्री ग्राउंड की बदहाल स्थिति को लेकर युवाओं और खेलप्रेमियों ने नाराजगी जताई है। मैदान में जगह-जगह फैली बजरी से खिलाड़ियों और बच्चों के चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। बाथरूम की स्थिति भी खराब है, जबकि पेयजल के लिए लगाया गया आरओ लंबे समय से बंद पड़ा है। मैदान में शराब सेवन जैसी गतिविधियों पर रोक और नियमित निगरानी की मांग को लेकर युवाओं ने तहसीलदार श्याम सिंह उइके को ज्ञापन सौंपा।
आजाद क्लब के संरक्षक सैम आर्य ने कहा कि लगातार सार्वजनिक और गैर-खेल आयोजनों के कारण तपश्री ग्राउंड की हालत खराब हुई है। टेंट लगाने, वाहनों की आवाजाही और भारी दबाव के कारण मैदान में बजरी फैल गई है। ऐसे आयोजनों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए और मैदान को केवल खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि कई बार नगर परिषद अध्यक्ष को भी मौके की स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सुनवाई नहीं हुई।
आजाद क्लब के सदस्य हर्ष भुसारी ने कहा कि तपश्री ग्राउंड बच्चों और युवाओं के लिए खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, लेकिन वर्तमान स्थिति खिलाड़ियों के लिए परेशानी बन गई है। नगर परिषद को तत्काल निरीक्षण कराकर मैदान की सफाई, बजरी हटाने, समतलीकरण और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करनी चाहिए।
मिकिंश आर्य, भानु ठाकुर और आयुष देशमुख ने कहा कि तपश्री ग्राउंड की देखरेख के प्रति नगर परिषद गंभीर नहीं है। न नियमित सफाई होती है और न व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कोई कर्मचारी नजर आता है। लंबे समय से मैदान की बदहाली के बावजूद जिम्मेदारों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।
नियाज़ ख़ान, शुभम सावरकर और मुनि सोनी ने कहा कि खेल मैदान बच्चों और युवाओं के स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास से सीधे जुड़ा है। इसलिए इसे सुरक्षित और व्यवस्थित रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मैदान से बजरी हटाकर समतलीकरण कराने, मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने और तपश्री ग्राउंड को उसके मूल उद्देश्य के अनुरूप विकसित एवं संरक्षित करने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में सैम आर्य, हर्ष भुसारी, मिक्की आर्य, भानु ठाकुर, नियाज़ ख़ान, शुभम सावरकर, मूनी सोनी, ऋषभ आर्य, राजिक ख़ान, हर्षित आर्य, अभिनव आर्य, सर्वेश आर्य, चेतन प्रधान, अभिजीत मदरेले, मोनू यादव, आयुष देशमुख, मयूर खरे, प्रिंस राठौर, सुजल सोनी, जागृत मालवीय, दुरूप बंसकर, जुबेर शाह, रोहित बंसकर, कुणाल यादव, अज़हर ख़ान, अयूब ख़ान और आर्यांश आर्य सहित आधा सैकड़ा से अधिक युवा एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।



