बेतुल

बैतूल नगर परिषद पर बिना अनुमति सागौन के पेड़ काटकर ले जाने का आरोप

एसपी से शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। शाहपुर के वार्ड क्रमांक 11, पाठई रोड क्षेत्र में निजी जमीन से सात सागौन के पेड़ काटकर ले जाने का मामला सामने आया है। 63 वर्षीय स्वर्णलता डेनियल ने आरोप लगाया है कि उनकी निजी भूमि से सागौन के पेड़ों को नगर परिषद की जेसीबी और ट्रैक्टर से काटकर उठाया गया और ले जाया गया। उन्होंने मामले की शिकायत शाहपुर थाने के बाद बैतूल एसपी से की है।
स्वर्णलता डेनियल के अनुसार खसरा नंबर 37/10/1/1 स्थित उनकी निजी भूमि पर सरकारी रिकॉर्ड में 15 सागौन के पेड़ दर्ज हैं। इनमें से सात पेड़ उनकी जानकारी और अनुमति के बिना काटकर हटा दिए गए। उन्होंने इन पेड़ों की अनुमानित कीमत 10 से 12 लाख रुपए बताई है।
– पेड़ काटने की अनुमति के लिए किया था आवेदन
शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने 26 जून 2026 को ऑनलाइन आवेदन कर निजी भूमि पर लगे सागौन के पेड़ों को काटने की अनुमति मांगी थी। उनका आरोप है कि अनुमति की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही सात पेड़ों को काटकर हटा दिया गया। उन्होंने नगर परिषद शाहपुर के अध्यक्ष और कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।
स्वर्णलता डेनियल का आरोप है कि उनकी जमीन से काटे गए सागौन के पेड़ों को नगर परिषद के वाहन से शाहपुर स्थित मोक्षधाम ले जाया गया। उन्होंने प्रशासन से जांच की मांग की है कि पेड़ों को किसके निर्देश पर काटा गया और नगर परिषद की जेसीबी व ट्रैक्टर से उन्हें किस आधार पर उठाकर ले जाया गया।
– थाने के बाद एसपी से शिकायत
स्वर्णलता डेनियल ने 13 अगस्त को शाहपुर थाने में लिखित शिकायत की थी। इसके बाद 31 अगस्त को बैतूल एसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पेड़ों की बरामदगी, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और आर्थिक नुकसान की भरपाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने नगर परिषद अधिकारी को भी आवेदन देकर मामले की जांच कराने की मांग की है। अब उनका कहना है कि प्रशासन जांच कर यह स्पष्ट करे कि निजी भूमि से सात सागौन के पेड़ किसके निर्देश पर और किस अनुमति के आधार पर काटे गए तथा उन्हें नगर परिषद की जेसीबी और ट्रैक्टर से कहां ले जाया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button