वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर शाला में विशेष आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : महात्मा ज्योतिबा फुले मिडिल स्कूल सरेखा, बालाघाट में बुधवार 23 दिसंबर 2025 को महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रार्थना सभा के दौरान वंदे मातरम् आधारित विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का भावपूर्ण गायन किया गया। इसके साथ ही शिक्षकों द्वारा बच्चों को राष्ट्रीय गीत के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के जीवन चरित्र, उनके साहित्यिक योगदान तथा अन्य प्रमुख रचनाओं की जानकारी दी गई, जिससे विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति और साहित्य के प्रति रुचि जागृत हुई।
इस आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम की गरिमा को संस्था के प्रधानपाठक राजेश पांडेय, संस्था के संचालक सनतराम पांचे, स्थानीय पार्षद महोदया एवं अभिभावकों की उपस्थिति ने और बढ़ाया। अतिथियों की मौजूदगी से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
शाला परिवार ने कार्यक्रम में सहभागिता एवं सहयोग के लिए सभी अतिथियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।



