मदरसा तालीमुल कुरान फ़तहिया का वार्षिक इजलास सम्पन्न, 17 हाफिज़ों की हुई दस्तारबंदी
15 छात्राओं व दो छात्रों ने मुकम्मल किया कुरान शरीफ, उलेमा ने दी दीन पर अमल, सूद से बचने और सादगीपूर्ण निकाह की नसीहत

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र के गांव नगलाराई में स्थित मदरसा तालीमुल कुरान फ़तहिया का वार्षिक इजलास धार्मिक माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उलेमा, समाज के गणमान्य लोग और अभिभावक मौजूद रहे। इस अवसर पर 15 छात्राओं और दो छात्रों के कुरान शरीफ मुकम्मल करने पर दस्तारबंदी कर उन्हें दुआओं के साथ सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता मौलाना सलमान बिजनौरी ने कहा कि मुसलमानों को सूद और ब्याज जैसे हराम कारोबार से पूरी तरह बचना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं को भी ऐसे लेन-देन से दूर रखने की नसीहत देते हुए कहा कि जब समाज सूद से बचेगा, तभी अल्लाह की बरकतें नाज़िल होंगी। उन्होंने दहेज प्रथा को समाज के लिए नासूर बताते हुए कहा कि दहेज की लालच के कारण अनेक बेटियां घरों में बैठी हैं। उन्होंने बिना दहेज के सादगीपूर्ण निकाह को बढ़ावा देने की अपील की।
मौलाना अकील ने कहा कि जो व्यक्ति कुरान और हदीस को समझकर अपनी जिंदगी में अमल करता है, वह कभी गफलत का शिकार नहीं हो सकता। उन्होंने कुरान की तिलावत तजवीद के साथ करने पर जोर देते हुए सहाबा-ए-किराम की अज़मत और उनके जीवन से सीख लेने का संदेश दिया। मुफ्ती हुसैन अहमद ने तकवा, अल्लाह के खौफ और आखिरत की कामयाबी पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में मदरसा संचालक मौलाना सलीम कासमी ने सभी मेहमानों, उलेमा और सहयोगियों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने मदरसे का वार्षिक आय-व्यय विवरण भी उपस्थित लोगों के समक्ष पारदर्शिता के साथ पेश किया। इजलास का समापन मौलाना सलमान बिजनौरी की विशेष दुआ के साथ हुआ, जिसमें मुल्क मेंअमन-चैन, तरक्की और उम्मत की भलाई की दुआ की गई। इस दौरान मौलाना इरफान, कारी नबील,कारी रिजवान,मौलाना मुदसिर,मौलाना तहसीन,हाफिज हाशिम,कारी गय्यूर,मौलाना अहसान,मुफ्ती फारूक,मौलाना राशिद,मौलाना उमर, हाफिज फुरकान,मौलाना उवैस, मौलाना इमरान कारी असजद आदि मौजूद रहे।
