गाजियाबाद
लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने भूमाफियाओं के खिलाफ उठाई आवाज
पुलिस और अधिकारियों की भूमिका पर उठाए सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी। क्षेत्र में सक्रिय भूमाफियाओं के खिलाफ लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने सख्त तेवर दिखाए है। विधायक ने थाना ट्रॉनिका सिटी पुलिस को पत्र लिखकर जमीन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
भाजपा विधायक नंदकिशोर गूर्जर द्वारा लिखे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि मीरपुर हिंदू निवासी अमरेश पुत्र राजेश सिंह, जो भाजपा दिल्ली के कार्यकर्ता हैं, ने 50 गज का प्लॉट खरीदा था। लेकिन स्थानीय भूमाफिया गिरोह के सदस्य सलमान, रिजवान और सलीम ने उनसे 6 लाख रुपये हड़प लिए और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने थाना ट्रॉनिका सिटी में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पत्र में विधायक ने कहा कि भूमाफियाओं की पुलिस से मिलीभगत की वजह से पीड़ित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है। आरोप है कि गिरोह ने पहले भी कई लोगों को ठगकर लाखों रुपये हड़पे हैं। यही नहीं, देहरादून एक्सप्रेस-वे और पूजा कॉलोनी के आसपास भी भूमाफियाओं द्वारा गरीब लोगों को सस्ते प्लॉट दिखाकर ठगा जा रहा है।
विधायक ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में तत्काल न्याय सुनिश्चित करते हुए दोषियों पर भूमाफिया एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए और भूमाफियाओं के लिए विशेष टीम का गठन किया जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रह सके।


