बेतुल

बैतूल धनतेरस पर आयुष कार्यालय परिसर में भगवान धन्वंतरि की मूर्ति स्थापित

विधि-विधान से हुई प्राण प्रतिष्ठा

शास्त्रोक्त पद्धति से पूजन-अर्चन एवं हवन संपन्न, अधिकारी-कर्मचारियों ने किया भंडारा-प्रसादी का आयोजन 
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। धनतेरस के पावन पर्व पर 6 नवंबर को टिकारी स्थित जिला आयुष अधिकारी कार्यालय परिसर में भगवान धन्वंतरि की मूर्ति की स्थापना कर विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। इस अवसर पर पूरे परिसर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शास्त्रोक्त विधि से भगवान धन्वंतरि का पूजन-अर्चन किया गया तथा हवन संपन्न कराया गया। विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की तथा भगवान धन्वंतरि से सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं आरोग्य की कामना की। प्रभारी जिला आयुष अधिकारी डॉ. दीपक कड़वे ने बताया कि धनतेरस के शुभ अवसर पर भगवान धन्वंतरि की मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद, चिकित्सा और आरोग्य का देवता माना जाता है। आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति में उनका विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। इसी भावना के साथ कार्यालय परिसर में उनकी मूर्ति स्थापित की गई है, ताकि विभागीय गतिविधियों के साथ-साथ आयुर्वेद की परंपरा, सेवा और आरोग्य के संदेश को भी प्रोत्साहन मिले। प्राण प्रतिष्ठा एवं पूजन कार्यक्रम के पश्चात विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा भंडारा एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर विभागीय कर्मचारियों ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया और धार्मिक कार्यक्रम को श्रद्धापूर्वक संपन्न कराया। डॉ. कड़वे ने बताया कि केवल जिला आयुष अधिकारी कार्यालय परिसर में ही नहीं, बल्कि जिले के सभी आयुर्वेद औषधालयों में भी धनतेरस के अवसर पर भगवान धन्वंतरि का पूजन-अर्चन किया गया। आयुष विभाग के माध्यम से जिलेभर में भगवान धन्वंतरि जयंती एवं धनतेरस के अवसर पर आरोग्य, आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को स्मरण किया गया। उल्लेखनीय है कि धनतेरस को भगवान धन्वंतरि के प्राकट्य दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। आयुर्वेद और चिकित्सा परंपरा में भगवान धन्वंतरि का विशेष स्थान है। ऐसे में जिला आयुष अधिकारी कार्यालय परिसर में उनकी मूर्ति की स्थापना को विभाग की आयुर्वेदिक परंपरा और आरोग्य के प्रति आस्था से जोड़कर देखा जा रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button