
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हापुड़। जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने गांव देहरा रामपुर निवासी रामलखन की हत्या के मामले का खुलासा कर आरोपी भाई यशपाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे का फावड़ा भी बरामद किया। अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि 12 अगस्त को रामलखन का शव उसके घर में मिला था। जांच में पता चला कि रामलखन शराब का आदी था और उसने हाल ही में परिजनों से बिना सलाह संपत्ति बेच दी थी, जिसके पैसे उसने घरवालों को नहीं दिए। उसका गांव व परिजनों के साथ भी व्यवहार अभद्र था।
6 अगस्त को यशपाल गाजियाबाद से घर लौटा तो रामलखन ने उसे शराब लाने के लिए पैसे दिए। दोनों ने साथ शराब पी, लेकिन तभी विवाद हो गया। गुस्से में रामलखन ने यशपाल पर कुर्सी फेंकी, जवाब में यशपाल ने फावड़े से रामलखन के सिर पर वार कर हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मंगलवार को यशपाल को ठंडी सड़क से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बड़े भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की गहन जांच की और हत्याकांड का पर्दाफाश किया।


