बरेली
एसआरएमएस विमको फैक्ट्री में बनाएगा स्किल यूनिवर्सिटी, मेडिकल ट्रामा सेंटरः देव मूर्ति
एसआरएमएस ट्रस्ट के इंजीनियरिंग कॉलेजों का 25वां दीक्षांत समारोह धूमधाम से संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में श्रीराम मूर्ति स्मारक ट्रस्ट के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय श्रीराम मूर्ति जी के 116वीं जन्म तिथि (08 फरवरी 2026) पर 25वां दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ। इसमें बीटेक, बीफार्मा, एम फार्म, एमटेक, एमबीए, एमसीए (श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नोलॉजी बरेली, श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च बरेली), एमबीए (श्रीराम मूर्ति स्मारक आईबीएस, उन्नाव), बीए एलएलबी (लॉ कॉलेज, बरेली) पाठ्यक्रमों में सत्र 2024-2025 में उत्तीर्ण 305 छात्र छात्राओं को उपाधियां, प्रशस्ति पत्र एवं पदक वितरित किए गए। सीईटी और सीईटीआर में बी.टेक (2021-2025 बैच) में सर्वाधिक अंक हासिल करने के लिए क्रमशः हर्ष सक्सेना और उत्कर्ष जायसवाल को ‘श्रीराम मूर्ति गोल्ड मैडल’ के साथ 51,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। सीईटी की पूजा काराकोटी, निजारिश उमर, राज कुशवाहा और अमूल्य शर्मा ने अपने कोर्स में सर्वाधिक अंक हासिल करने पर गोल्ड मेडल संग 21000 रुपये नकद प्राप्त किए। खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए सीईटी के देवेश गंगवार और सीईटीआर के सौरभ सिंह को ट्रॉफी के साथ ‘विशेष पुरस्कार’ दिया गया। दीक्षांत समारोह में डा.एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विवि के कुलपति प्रोफेसर (डा.) जय प्रकाश पाण्डेय ने विद्यार्थियों को भविष्य में सफलता के लिए आशीर्वाद दिया और इसके लिए अपना विजन और मिशन खुद बनाने की सलाह दी।
श्रीराम मूर्ति शतिक सभागार में डा.एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विवि के कुलपति प्रोफेसर (डा.) जय प्रकाश पांडेय की अध्यक्षता में रविवार सुबह आयोजित दीक्षांत समारोह में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी नई दिल्ली के चेयरमैन प्रोफेसर (डा.) प्रदीप कुमार जोशी मुख्य अतिथि और स्पेस एप्लीकेशन सेंटर इसरो अहमदाबाद के हेड-एम्पलीफायर डिवीजन की साइंटिस्ट/ इंजीनियर-जी पूजा श्रीवास्तव विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित हुईं। इन अतिथियों के साथ एसआरएमएस ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी देव मूर्ति जी, ट्रस्ट सेक्रेटरी आदित्य मूर्ति जी, गुरु नारायण मेहरोत्रा, सीईटी के प्रिंसिपल डा.प्रभाकर गुप्ता, सीईटीआर के डीन डा.शैलेश सक्सेना और आईबीएस के डीन डा.तरुण सिंह गंगवार ने संस्थान के प्रांगण में स्थित स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व मंत्री स्वर्गीय श्रीराम मूर्ति जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं सभागार में दीप प्रज्वलन किया। विद्यार्थियों की सरस्वती वंदना, संस्थान गीत एवं विश्वविद्यालय कुलगीत के साथ दीक्षांत समारोह आरंभ हुआ। एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक व चेयरमैन देव मूर्ति जी ने प्रेरणास्रोत्र स्वर्गीय श्रीराम मूर्ति जी को उनके 116वें जन्मदिन पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने समारोह में उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया और सभी डिग्रीधारकों एवं मेधावी छात्र/छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने एसआरएमएस ट्रस्ट द्वारा विगत वर्षो में किए गए शिक्षा, चिकित्सा एवं सामाजिक उत्थान के प्रयास से तकी जानकारी दी। देव मूर्ति जी ने एसआरएमएस ट्रस्ट की ओर से विमको फैक्ट्री खरीदे जाने की भी जानकारी दी। कहा कि यहां ट्रस्ट द्वारा आठ फैकल्टी के साथ स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करने की तैयारी है। इसके साथ ही यहां पर 150 बेड का अत्याधुनिक हास्पिटल एवं मेडिकल ट्रामा सेंटर, इंडस्ट्रियल पार्क, आईटी पार्क और को-वर्किंग स्पेस भी विकसित किया जाएगा। इंडस्ट्रियल पार्क में एसआरएमएस के शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को स्टार्टअप लगाने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने अंत में कहा स्वामी विवेकानंद के वाक्य उठो, जागो और तब तक नहीं रूको, जब तक लक्ष्य की पूर्ति न हो जाये से अपने वकतव्य को समाप्त किया।
डा.एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विवि के कुलपति प्रोफेसर (डा.) जय प्रकाश पांडेय ने विद्यार्थियों को सकारात्मक रहने पर जोर दिया और कहा कि सकारात्मक व्यवहार के साथ प्रतिबद्ध होकर कोई व्यक्ति यदि अपनी सारी ऊर्जा को किसी लक्ष्य के लिये समर्पित कर दें तो वह किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। तभी देश वर्ष 2047 तक दुनिया में विश्व गुरु बन सकता है।
मुख्य अतिथि डा. प्रदीप कुमार जोशी ने वर्ष 1971 में स्वतंत्रता सेनानी श्रीराम मूर्ति जी से मुलाकात का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आप क्या छोड़ कर जाते हैं यह सबसे महत्वपूर्ण है। जिस तरह महान स्वतंत्रता सेनानी श्रीराम मूर्ति जी समाज के लिए अपने आदर्श और विकसित समाज का सपना छोड़ कर गए। उन्हीं को यह संस्थान आगे बढ़ा रहा है। डा.जोशी ने सफलता के लिए विद्यार्थियों को सपना देखने और उसे पूरा करने को सबसे बड़ा मंत्र बताया।
इससे पहले महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डा.) प्रभाकर गुप्ता ने महाविद्यालयों की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और यहां संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों से सभी को अवगत कराया। समारोह के अंत में डायरेक्टर टीडीपी डा.अनुज कुमार ने सभी का आभार जताया और धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन रुचि शाह ने किया। इस मौके आदित्य मूर्ति, आशा मूर्ति, ऋचा मूर्ति, देविशा मूर्ति, प्रोफेसर श्यामल गुप्ता, उषा गुप्ता, डा. रजनी अग्रवाल, गुरु मेहरोत्रा, डा.वीएन राय, डा.आलोक खरे, डा. वंदना शर्मा, डा.जसप्रीत कौर, डा.मुथु महेश्वरी, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डा. एमएस बुटोला, नर्सिंग कालेज की प्रिंसिपल डा.मुथु महेश्वरी, पैरामेडिकल कालेज की प्रिंसिपल डा.जसप्रीत कौर, डीन पीजी डा. रोहित शर्मा, डीन यूजी डा.बिंदु गर्ग, डीन फार्मेसी डा.अमित शर्मा, डा.रीटा शर्मा सहित सभी शैक्षिक संस्थानों के डाय़रेक्टर, डीन, फैकेल्टी और स्टाफ मौजूद रहा।




