बेतुल
बैतूल सेवाभूमि पर अवैध कब्जे को लेकर ग्राम कोटवार ने कलेक्टर से की शिकायत
नायब तहसीलदार का एकपक्षीय आदेश निरस्त किए जाने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मुलताई तहसील के ग्राम बोडियाखापा के कोटवार ने अपनी सेवाभूमि पर हुए कथित अवैध कब्जे को लेकर मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर से शिकायत की है। कोटवार ने आरोप लगाया है कि ग्राम के कुछ व्यक्तियों द्वारा उसकी सरकारी सेवाभूमि पर जबरन कब्जा कर खेती कर ली गई है। आवेदक अनुज बिसन्द्रे के अनुसार उसे मध्यप्रदेश शासन द्वारा खसरा नंबर 308, रकबा 9.50 एकड़ भूमि कोटवारी सेवाभूमि के रूप में आवंटित की गई थी। वर्तमान में वह केवल 0.809 हेक्टेयर भूमि पर ही काबिज है, जबकि शेष करीब 6 एकड़ भूमि पर ग्राम के अनावेदकों परसराम, ईश्वरदास साबले, वामनराव साबले, राजकुमार साबले, बंडू साबले ने धीरे-धीरे अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। शेष भूमि का एक छोटा हिस्सा जलाशय निर्माण के लिए अधिग्रहित हो चुका है। कोटवार का कहना है कि पूर्व में उसके ग्राम सरपंच पद पर रहने का अनुचित लाभ उठाकर अनावेदकों ने सेवाभूमि पर कब्जा जमाया और अब वहां फसल की बुआई भी कर दी गई है। साथ ही हल्का पटवारी द्वारा 5 जुलाई 2025 को किए गए पंचनामा एवं जांच प्रतिवेदन में भी इस अतिक्रमण की पुष्टि हुई है। कोटवार ने यह भी आरोप लगाया कि अनावेदक अब उक्त भूमि के बीच से अवैध रूप से रास्ता निकालने की मांग कर रहे हैं, जबकि राजस्व अभिलेखों में ऐसा कोई रास्ता पूर्व से दर्ज नहीं है। इसके बावजूद नायब तहसीलदार, मुलताई वृत्त दुनावा द्वारा 9 जुलाई को पारित आदेश में एकपक्षीय रूप से उक्त भूमि से रास्ता देने का निर्णय लिया गया, जिसे आवेदक ने विधिविरुद्ध बताया है। कोटवार ने कलेक्टर से सेवाभूमि से अतिक्रमण हटाकर उसे वापस दिलाने, अनावेदकों के विरुद्ध विधिसम्मत उचित दंडात्मक कार्रवाई की जाने, नायब तहसीलदार का एकपक्षीय आदेश निरस्त किए जाने की मांग की है।



