भरत पुर

डीग में 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने ली परेड की सलामी

डीग को विकसित और आदर्श जिला बनाने के लिए सरकार संकल्पबद्ध, साइबर अपराध पर लगा प्रभावी अंकुश: गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

भरतपुर। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में उन्होंने डीग जिले के सर्वांगीण विकास और इसे प्रदेश का आदर्श जिला बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
समारोह को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में नवगठित डीग जिले में विकास की अपार संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जिले की सड़क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए बड़ौदा मेव से भरतपुर तक 668 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क की डीपीआर तैयार हो चुकी है। इसके अलावा, 100 करोड़ रुपये की लागत से डीग बाईपास और 66 करोड़ रुपये की लागत से ब्रजनगर बाईपास को मंजूरी दी गई है। साथ ही, जिले में 150 से अधिक सड़कों के निर्माण और जीर्णोद्धार का कार्य प्रगति पर है।
किसानों और पशुपालकों के लिए ऐतिहासिक कदम
बेढ़म ने कहा कि डीग कृषि और पशुपालन प्रधान जिला है। सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि में राज्य की ओर से सहयोग राशि बढ़ाई है और भविष्य में इसे और बढ़ाने का संकल्प है। पशुपालकों के लिए ‘मंगला पशु बीमा योजना’ और घर बैठे इलाज के लिए ‘1962 एंबुलेंस सेवा’ शुरू की गई है। इसके अतिरिक्त, किसानों को बिना ब्याज के 1 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने के लिए ‘गोपाल क्रेडिट कार्ड’ योजना लागू की गई है।
बिजली तंत्र का सुदृढ़ीकरण
जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कुम्हेर में 400 केवी जीएसएस, अंजारी और सेमली में 132 केवी जीएसएस तथा 15 नए 33 केवी जीएसएस स्वीकृत किए गए हैं। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।
अपराध पर जीरो टॉलरेंस और साइबर क्राइम पर प्रहार
गृह राज्य मंत्री ने कानून व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि डीग जिला जो कभी साइबर क्राइम में देश में अव्वल (18%) था, आज मुख्यमंत्री जी के सख्त निर्देशों और पुलिस की प्रभावी कार्रवाई के चलते यह ग्राफ घटकर 2-2.5% पर आ गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों की संपत्तियों को अटैच करने और अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का ध्येय वाक्य “आमजन में विश्वास और अपराधियों में डर” पूर्णतः चरितार्थ किया जाएगा।
शिक्षा और चिकित्सा में नए आयाम बेढ़म ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में कुम्हेर और ब्रजनगर में नए कॉलेज और डीग में सावित्रीबाई फुले व पसोपा और सुन्दरावली में देवनारायण आवासीय विद्यालय खोले जा रहे हैं। चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए डीग में जिला अस्पताल का निर्माण और खो, मानोता व जनूथर में पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत किया गया है।
अंत में उन्होंने सभी जिलावासियों से एकजुट होकर डीग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया। इस अवसर पर डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, जिला कलेक्टर डीग उत्सव कौशल, जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीना, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डीग राजकुमार कस्वां सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
परेड निरीक्षण और मार्च पास्ट
इस दौरान परेड का निर्देशन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश शर्मा द्वारा किया गया। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर पुलिस निरीक्षक कुम्हेर जितेंद्र सिंह ने किया। उनके पीछे विभिन्न प्लाटूनों का नेतृत्व निम्नलिखित प्लाटून कमांडरों ने किया:
सुजाता (14वीं आरएसी)
वीरेंद्र सिंह (एसआई, प्रभारी डीएसटी, डीग)
अमर सिंह (एसआई, पुलिस थाना कोतवाली डीग)
अमित कुमार (प्रेम भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल)
रुचि (एनएसएस, के.एल. जोशी एवं एल.एम.एल. स्कूल)
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं:
विकास बाल विद्यापीठ सी. सै. स्कूल: “लक्ष्य न ओझल होने पाए” गीत पर ओजस्वी प्रस्तुति।
किशन लाल जोशी राजकीय उ. मा. विद्यालय: “भारत का रहने वाला हूं” गीत पर सामूहिक नृत्य।
महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल: “देश मेरे…” पर भावपूर्ण प्रस्तुति।
गुरु आशीष सी. सै. स्कूल: “देश हमें देता है सबकुछ” गीत पर नृत्य।
लाला मनोहर लाल खंडेलवाल राजकीय कन्या विद्यालय: “वंदे मातरम्” की शानदार प्रस्तुति।
इसके अतिरिक्त, एल.एम.एल., प्रेम भारती, के.एम.पी., एम.जी.जी.एस., विकास स्कूल, संस्कार वैली और एस.जे.वी.एम. स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन किया गया, जिसका निर्देशन शारीरिक शिक्षक वीरेंद्र सिंह, दशरथ सिंह और सुशील ने किया।
सम्मान और संदेश वाचन
समारोह में अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां ने महामहिम राज्यपाल महोदय के संदेश का पठन किया। इस अवसर पर वीरांगनाओं का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। साथ ही श्री बृज बिहारी शरण दास (विजय बाबा) को भी विशिष्ट सेवा और “संत मिलन को चाहिए” की भावना को चरितार्थ करने के लिए सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। समारोह के अंत में पुलिस बैंड की धुन के साथ राष्ट्रगान हुआ 77 वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर 49 प्रतिभाओं, समाजसेवी, पत्रकार, वीरांगना, हरे कृष्णा लवानिया पत्रकार, मनोज पाराशर उर्फ तन्नू पत्रकार, पुष्पेंद्र शर्मा पत्रकार, समाजसेवी दाऊ दयाल नसवारिया, समाजसेवी मोहिनी गोयल एडवोकेट, हजारों बच्चों ने व्यायाम प्रदर्शन किया

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button