गोड्डा
पोड़ैयाहाट विधायक के प्रयास से क्षेत्र के लोगों को मिली राहत
- कठौन और भटोन्दा स्कूल के पास दो अंडरपास ब्रिज तथा सुगाबथान चौक पर एक फुट ओवरब्रिज के निर्माण की मिली स्वीकृति।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा/पोड़ैयाहाट : प्रखंड अंतर्गत भटोन्दा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की वर्षों पुरानी मांग को आखिरकार मजबूती मिली है। राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के दौरान अंडरपास और पुल की सुविधाओं की कमी से जनता को रोजाना गंभीर परेशानियों और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों को लगभग 8 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता था, जिससे हजारों लोगों की दिनचर्या और सुरक्षा दोनों ही प्रभावित हो रही थी। जनता की इन समस्याओं को देखते हुए पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने फरवरी माह में ग्रामीणों के साथ धरना देकर प्रशासन और निर्माण कंपनी को कड़ा अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि यदि जनता की मांग पूरी नहीं हुई तो क्षेत्र में सड़क निर्माण का कार्य पूरी तरह से रोक दिया जाएगा।
विधायक के इस दृढ़ संकल्प और जनसमर्थन का परिणाम सामने आया। प्रशासन एवं एनएचएआई विभाग ने कठौन और भटोन्दा स्कूल के पास दो अंडरपास ब्रिज तथा सुगाबथान चौक (मॉडल कॉलेज मोड़) पर एक फुट ओवरब्रिज के निर्माण को स्वीकृति दे दी है।
वर्तमान में कठौन में कार्य तेजी से प्रगति पर है, जबकि भटोन्दा में कार्य की शुरुआत कल से हो रही है। यह ऐतिहासिक निर्णय ग्रामीणों के लिए राहत की सांस की तरह है। क्षेत्र की जनता विशेषकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने इस पहल का स्वागत करते हुए विधायक प्रदीप यादव को धन्यवाद दिया और उन्हें सच्चा जनसेवक बताते हुए कहा कि ऐसा नेता ही असली जनसेवक होता है, जो जनता की पीड़ा को अपनी पीड़ा समझकर हर मोर्चे पर उनके साथ खड़ा रहता है। पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र के इतिहास में यह निर्णय एक नई शुरुआत और विकास का प्रतीक बनेगा।



