सराय काले खां स्टेशन पर बनेगा आधुनिक कमर्शियल हब, कारोबार और रोजगार को मिलेगी रफ्तार
21 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में विकसित होंगी दुकानें, होटल और कॉर्पोरेट ऑफिस
NCRTC ने एयर-राइट्स मॉडल के तहत शुरू की टेंडर प्रक्रिया
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी/दिल्ली। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का प्रमुख स्टेशन सराय काले खां आने वाले समय में केवल यातायात का केंद्र ही नहीं, बल्कि व्यापारिक और व्यावसायिक गतिविधियों का भी बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने स्टेशन परिसर में आधुनिक कमर्शियल हब विकसित करने की योजना को आगे बढ़ाते हुए इसके लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से राजधानी में कारोबार के नए अवसर पैदा होने के साथ रोजगार के रास्ते भी खुलने की उम्मीद है।
एयर-राइट्स मॉडल से होगा निर्माण
NCRTC की प्रस्तावित योजना के अनुसार, सराय काले खां स्टेशन पर एयर-राइट्स डेवलपमेंट मॉडल के माध्यम से करीब 21,063 वर्ग मीटर क्षेत्र में व्यावसायिक विकास किया जाएगा। इस मॉडल के तहत स्टेशन के मौजूदा ढांचे और ट्रैक के ऊपर उपलब्ध स्थान का उपयोग करते हुए आधुनिक व्यावसायिक परिसर तैयार किया जाएगा। यहां खुदरा बाजार, आधुनिक रेस्तरां, होटल और कॉर्पोरेट कार्यालय जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इससे स्टेशन परिसर को एक आधुनिक कारोबारी केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा।
टेंडर प्रक्रिया के बाद शुरू होगा निर्माण
परियोजना को लेकर निगम ने निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर आवंटन के बाद चयनित डेवलपर द्वारा निर्माण और विकास कार्य कराया जाएगा। इसके बाद ही यहां दुकानों, होटल और कार्यालयों जैसी व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन शुरू हो सकेगा। हालांकि, परियोजना के निर्माण और व्यावसायिक संचालन की अंतिम समय-सीमा अभी निर्धारित नहीं की गई है।
यात्रियों की आवाजाही बनेगी कारोबार का आधार
सराय काले खां स्टेशन की भौगोलिक स्थिति इस परियोजना को खास बनाती है। यह स्टेशन दिल्ली मेट्रो, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और अंतरराज्यीय बस अड्डे (ISBT) के नजदीक स्थित है। विभिन्न परिवहन साधनों से जुड़ाव के कारण यहां यात्रियों की बड़ी संख्या में आवाजाही रहती है। ऐसे में प्रस्तावित कमर्शियल हब को खुदरा कारोबार, खानपान, होटल और अन्य सेवाओं के लिए बेहतर व्यावसायिक अवसर मिलने की संभावना है।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा लाभ
विशेषज्ञों के अनुसार, परिवहन केंद्रों के आसपास व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार होने से निवेश, कारोबार और रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं। सराय काले खां में प्रस्तावित यह कमर्शियल हब भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। परियोजना पूरी होने पर यात्रियों को एक ही परिसर में खरीदारी, खानपान और अन्य जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी, वहीं व्यापारियों और निवेशकों के लिए भी राजधानी में कारोबार का एक नया केंद्र विकसित होगा।

