मथुरा
एलपीजी सिलिंडर से भरा ट्रक पलटा, एक घंटे तक जाम में फंसे रहे वाहन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा : फरह थाना क्षेत्र स्थित एक कॉलेज के सामने बुधवार की दोपहर एलपीजी सिलिंडर से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटने के कारण सड़क पर एलपीजी के सिलिंडर बिखर गए। इससे ट्रक के पीछे चलने वाले वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गए। ट्रक पलटने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब एक घंटे तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को एक ओर किया और वाहनों का आवागमन सुचारू कराया। दोपहर एक बजे के करीब सचदेवा कॉलेज के समीप रिफाइनरी से एलपीजी सिलिंडर भरकर आगरा के फतेहाबाद जा रहा ट्रक पलट गया। ट्रक में 400 के करीब घरेलू एलपीजी सिलिंडर भरे थे। ट्रक के सामने अचानक कोई वाहन आने के कारण चालक ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक पलट गया। ट्रक पलटने के चलते कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन यदि कोई सिलिंडर फट जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को एक ओर किया और हाईवे पर बिखरे पड़े एलपीजी सिलिंडर को एकत्रित करके एक ओर रखा। इसके बाद हाईवे पर वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका। रिफाइनरी के कार्यवाहक सीओ संदीप कुमार सिंह ने बताया कि दोपहर में ट्रक पलटने की सूचना मिली थी। थाना पुलिस को भेजा और ट्रक को हाईवे से हटाकर किनारे कराया। इसके बाद वाहनों का आवागमन सुचारू हुआ।



