ललितपुर
धार्मिक स्थलों पर नगर पालिका ने चलाया स्वच्छता अभियान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। चैत्र नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा शहर भर में व्यापक स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान नपाध्यक्ष सोनाली जैन के निर्देशन में संचालित किया गया, जिसमें सभी वार्डों के मंदिरों, शिवालयों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर साफ-सुथरा बनाया गया। अभियान के अंतर्गत मंदिर परिसरों के साथ-साथ श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई कराई गई व चूना का छिड़काव भी कराया गया। नगर पालिका द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। इस दौरान नपाध्यक्ष ने संबंधित सफाई निरीक्षकों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि नवरात्रि हिंदूओ की आस्था और श्रद्धा का पर्व है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में साफ-सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेष अभियान के तहत शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों ललितेश्वर माता मंदिर, काली बउआ माता मंदिर, चंडी माता मंदिर, तुवन मंदिर, तालाबपुरा स्थित छोटी माता मंदिर, पतरुआ माता मंदिर और जागेश्वरी मंदिर सहित विभिन्न मोहल्लों में गहन सफाई कार्य कराया गया। नगर पालिका टीम ने इन सभी स्थलों पर स्वच्छता के उच्च मानकों को सुनिश्चित किया। अभियान के दौरान सफाई एवं खाद्य निरीक्षक जितेंद्र स्वरूप तिवारी, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव, हेड सुपरवाइजर संजय कुमार, गैरिज प्रभारी अमित कुमार सहित स्वच्छता नायक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



