
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बरेली। आईएमए भवन में शनिवार को दो दिवसीय आईएमए यूपीकॉन 2025 का आगाज हो गया। कार्यक्रम में मेदांता के वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ कार्तिकेय भार्गव ने हृदय रोगों की वजह, इलाज और उससे बचाव के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण के खतरनाक स्तर तक पहुंचाने में आम लोग भी जिम्मेदार हैं। कंक्रीट के जंगल बसे और हरियाली पर आरी चली। जनसंख्या के साथ हाउसहोल्ड कचरा बढ़ा। जरूरत से ज्यादा वाहन की आवाजाही और खरीदारी बढ़ी, जो वायु प्रदूषण की मुख्य वजह है।
डॉ कार्तिकेय भार्गव ने कहा कि सरकार पर दोषारोपण पूरी तरह सही नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति को इससे निदान में योगदान करना होगा। कहा कि सांस के मरीजों का दिल्ली में दम घुट रहा है। वे दो तीन दिन से ज्यादा ठहरते नहीं। यह प्रदूषण आने वाली पीढ़ी, वर्तमान के निवासियों की सेहत पर भारी पड़ रहा है।
सोशल मीडिया बन रहा मानसिक तनाव की वजह
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लाइक्स या अनुकूल कमेंट न आने से भी मानसिक तनाव बढ़ रहा है। बच्चे आक्रामक हो रहे हैं। बीपी का स्तर बढ़ने से हाइपरटेंशन से हृदयाघात की आशंका रहती है। कोविड वैक्सीन के बाद अचानक हार्ट अटैक की आशंका पर दुनिया भर में शोध हो रहे हैं पर अब तक दोनों का आपस में कोई संबंध या पुष्ट आधार नहीं मिला है। कार्यक्रम में डायरेक्टर एसोसिएशन ऑफ मेडिकल स्पेशियलिटी (एएमएस) डॉ मनजीत सिंह ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान आईएमए नेशनल पास्ट प्रेसिडेंट डॉ शरद अग्रवाल, आईएमए यूपी अध्यक्ष डॉ पीके अग्रवाल, आईएमए यूपी सचिव डॉ आशीष कुमार अग्रवाल, आईएमए यूपी कोषाध्यक्ष डॉ वाणी पुरी रावत आदि मौजूद रहे।



