जालौन

नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में छात्राओं का उत्साह, जालौन में चला व्यापक हस्ताक्षर अभियान

महिलाओं को अधिकार ही नहीं, राष्ट्र निर्माण में बराबरी की भागीदारी का सशक्त आधार देता अधिनियमःडॉ. नितिन मित्तल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन (उरई)। सेठ वीरेन्द्र कुमार महाविद्यालय, गुढ़ान्यामतपुर (उरगांव रोड, जालौन) में गुरुवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रचार-प्रसार के तहत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में वृहद हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अधिनियम के समर्थन में अपने हस्ताक्षर किए।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने शासन द्वारा जारी मोबाइल नंबर पर मिस्ड कॉल कर भी अपना समर्थन दर्ज कराया, जिससे उनके भीतर जागरूकता और सहभागिता का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. नितिन मित्तल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को केवल अधिकार प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण में बराबरी की भागीदारी सुनिश्चित करने का मजबूत आधार देता है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियां, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रही हैं, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल एक नारा न रह जाए, बल्कि इसे व्यवहारिक रूप में लागू करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। कार्यक्रम में भूमि ऐंगर, सलोनी शिवहरे, अंशिका सोनी, निशा बुधौलिया, सरस्वती, वंशिका, सोना, अमृता, सोनाली, स्फूर्ति, नूर अल्मा, जोया सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। इसके साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में जागरूकता बढ़ाना तथा नारी सशक्तिकरण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना रहा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button