गोड्डा
दामाद निकला सास का कातिल, नींद में गला रेतकर ले ली जान
- एसडीपीओ ने किया प्रेसवार्ता में वृद्ध महिला के हत्या मामले का खुलासा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। बोआरीजोर थाना क्षेत्र के गोराडीह गांव में वृद्धा की हत्या मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। चौंकाने वाली बात यह रही कि कातिल कोई और नहीं बल्कि मृतका का अपना दामाद ही निकला। महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने प्रेसवार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 65 वर्षीय सोनाभानू, पति स्व. लाल मोहम्मद अंसारी, की बीते रात नींद में ही धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।मामले में मृतका के पुत्र असरफ अंसारी ने थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध सुकरुद्दीन अंसारी (50 वर्ष), पिता स्व. दिल मोहम्मद अंसारी, ग्राम गोराडीह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू किया। पूछताछ के दौरान सुकरुद्दीन ने अपराध कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर खून से सना लोहे का गत्ता बरामद किया गया, जो हत्या में प्रयुक्त हथियार बताया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मृतका का दामाद है, जिसने किसी आपसी विवाद के चलते यह जघन्य अपराध की घटना को अंजाम दिया। मामले के खुलासे में बोआरीजोर इंस्पेक्टर बिरेंद्र पासवान, थाना प्रभारी आशीष कुमार यादव, पुअनि विकास कुमार, पटवारी सोरेन, सअनि शैलेन्द्र कुमार शर्मा, प्रवीण कुमार, अजय राम तथा सशस्त्र बलों की भूमिका रही है।




