आत्मा शासकीय निकाय एवं जिला खाद्य सुरक्षा कार्यकारिणी समिति की बैठक डीसी मनीष कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आत्मा शासकीय निकाय एवं जिला खाद्य सुरक्षा कार्यकारिणी समिति की बैठक समाहरणालय में आयोजित की गई। बैठक में आत्मा अंतर्गत संचालित प्रमुख केंद्र प्रायोजित योजनाओं जैसे कृषि प्रसार कार्यक्रम एवं खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में किए गए कार्यों के अनुपालन प्रतिवेदन पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा तैयार करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उपायुक्त मनीष कुमार ने निर्देश दिया कि बैठक में हुई चर्चा के अनुरूप प्रतिवेदन तैयार कर उपस्थापित किया जाए, ताकि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और मूल्यांकन में पारदर्शिता बनी रहे। इस संबंध में उन्होंने परियोजना निदेशक, आत्मा, पाकुड़ श्री मृत्युंजय कुमार को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक, जनप्रतिनिधि, किसान प्रतिनिधि तथा विभिन्न एफपीओ एवं एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



