बेतुल

बैतूल मां ताप्ती की ध्वज यात्रा में हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

विरासत समिति ने मां ताप्ती को अर्पित किए 151 ध्वज, भक्तों ने मांगा क्षेत्र की समृद्धि का वरदान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। धर्म, श्रद्धा और परंपरा के संगम का अद्भुत नज़ारा बुधवार 2 जुलाई को बैतूल जिले में देखने को मिला, जब पुण्य सलिला मां ताप्ती के जन्मोत्सव पर निकाली गई विशाल ध्वज यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने एक स्वर में मां ताप्ती के जयकारे लगाए। गांव से मां ताप्ती के तट तक निकली पदयात्रा ने क्षेत्र में धार्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया।
पुण्य सलीला मां ताप्ती का जन्मोत्सव बुधवार को पूरे जिले में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर मां ताप्ती का विशेष पूजन और अभिषेक हुआ, साथ ही कई श्रद्धालुओं द्वारा भंडारे और प्रसादी वितरण का आयोजन भी किया गया। बैतूल विरासत समिति द्वारा मुलताई के ग्राम कामथ से मां ताप्ती की पावन ध्वज यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें चार हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। भक्ति संगीत और जयकारों के साथ निकली पदयात्रा में महिला, पुरुष व बच्चे पूरे उत्साह से शामिल हुए। यात्रा ग्राम कामथ के प्राचीन शिव मंदिर में पूजन-पाठ से प्रारंभ होकर गांव के मुख्य मार्गों से होती हुई मां ताप्ती के पावन तट, मुलताई पहुंची।
विरासत समिति के संयोजक राजू अनुराग पवार ने जानकारी देते हुए बताया कि समिति पिछले तीन वर्षों से यह धार्मिक आयोजन निरंतर कर रही है। बुधवार को प्रातः 11 बजे उनके निज निवास ग्राम कामथ से यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में आसपास के सैकड़ों गांवों से श्रद्धालु पहुंचे। मुलताई में मां ताप्ती के तट पर विधि-विधान से पूजन-अभिषेक कर माता को 151 ध्वज अर्पित किए गए। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई और क्षेत्र की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की गई। आयोजन में आशीर्वाद लॉन के संचालक शंभू अग्रवाल का भी विशेष सहयोग रहा। ध्वज यात्रा के दौरान मां ताप्ती के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button