Uncategorized
लोनी बॉर्डर से पुस्ता तिराहे तक जलभराव से जाम, ट्रक पलटने से स्थिति और बिगड़ी
शिव बिहार मेट्रो स्टेशन के पास मैन रोड पर पल्टा वाहन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी : बॉर्डर से लेकर पुस्ता तिराहे तक रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसके चलते मार्ग पर लगातार जाम लग रहा है। सोमवार को शिव बिहार मेट्रो स्टेशन के पास एक ट्रक पलट जाने से एक तरफ का रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे हजारों यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।इस मार्ग पर जवाहर नगर कॉलोनी और शिव बिहार मेट्रो स्टेशन इंद्रपुरी के पास सड़क में गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालक गड्ढों का अंदाजा नहीं लगा पाते और वाहन फंस जाते हैं। नतीजतन जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है।दिल्ली जाने वाले लाखों नौकरी पेशा और व्यापारी वर्ग के लोग लगभग एक माह से इस समस्या से जूझ रहे हैं। सोमवार दोपहर को सामान से भरा एक टाटा डी सी एम ट्रक शिव बिहार मेट्रो स्टेशन के पास पलट गया। इसके बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परेशान लोग जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को कोसते नजर आए।गौरतलब है कि बरसात से पूर्व जिलाधिकारी गाजियाबाद ने इस मार्ग का निरीक्षण कर जलभराव की समस्या का समाधान करने के आदेश पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका परिषद लोनी को दिए थे। लेकिन संबंधित विभागों ने आदेशों की अनदेखी की, जिसके चलते नागरिकों को लगातार भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या का समाधान कब होगा, यह कहना अभी मुश्किल है।


