बरेली
एसओजी व बहेड़ी पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का किया भंडाफोड़
4 गिरफ्तार, पाकिस्तान कनेक्शन आया सामने

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। एसओजी व थाना बहेड़ी पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए सुखराज सिंह पुत्र रंजीत सिंह निवासी ग्राम सिकपुरा भोजपुर जोगीठेर, थाना बहेड़ी, बरेली उम्र 19 वर्ष, शानू मियाँ पुत्र साहिल मियाँ निवासी ग्राम पचपेड़ा, थाना बहेड़ी, बरेली उम्र 29 वर्ष, जीवनदीप सिंह पुत्र गुरदीप सिंह निवासी ग्राम स्वालेनगर, थाना बिलासपुर, रामपुर उम्र 24 वर्ष और जसनूर सिंह पुत्र सतपाल सिंह निवासी ग्राम मैनाकोट, थाना माधौटांडा, पीलीभीत उम्र 30 वर्ष को गिरफ्तार किया है। इस घटना का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया। पुलिस ने कब्जे से रायफल, पिस्टल, तमंचा सहित अवैध शस्त्र व शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। मौके से दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी बहेड़ी के नेतृत्व में एसओजी व थाना पुलिस को लगाया गया था। 14/15 नवंबर की रात करीब 1.35 बजे मुखबिर की सूचना पर गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से पहले बरेली-बहेड़ी रोड किनारे स्थित खंडहर में घेराबंदी कर छापा मारा गया।
बरामदगी – एक तमंचा 315 बोर, एक कारतूस 315 बोर, एक अवैध पिस्टल 9 एमएम, एक रायफल 315 बोर, दो अधबनी नाल 12 बोर, एक सिकंजा मशीन, तमंचे बनाने के उपकरण व 4 मोबाइल फोन।
पाकिस्तान कनेक्शन – पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। फरार दोनों साथी इशरत पहलवान से जुड़े हैं, जो हथियारों की तस्करी में जेल जा चुका है। गिरफ्तार सुखराज सिंह ने बताया कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी इन्फ्लुएंसर से जुड़ा है। उसके फोन की जांच में इंस्टाग्राम के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर के संपर्क में आकर हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत के साक्ष्य मिले हैं। कुछ चैट डिलीट कर दी गई है। पुलिस इस पाकिस्तान कनेक्शन की गहन जांच कर रही है। थाना बहेड़ी पर मु0अ0सं0 912/2026 धारा 5/3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।



