
आधा दर्जन से अधिक घायलों का अस्पताल में चल रहा है इलाज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी)- बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव शंकराटीला में देर रात्रि गंगा किनारे जमीन के कब्जे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया । जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद के दौरान इलाके में कई राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग का भी आरोप लगा है । जमीन पर कब्जे के दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से हुई जमकर मारपीट भी हुई जिसमें करीब आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं । इस बवाल के दौरान दबंगों ने एक ट्रैक्टर को भी गंगा नदी में फेंक दिया । मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है जहां इनका इलाज हो रहा है । जबकि वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच में जुट गई है और देर रात हुए बवाल के आरोपियों की पहचान कर तलाश में जुट गई है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव शंकराटीला में गंगा खादर क्षेत्र की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी बीच खेतों में जुताई कर रहे ग्रामीणों पर गंगा पार से आए लोगों द्वारा अचानक फायरिंग किए जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से एक ट्रैक्टर को गंगा में फेंक दिया । इस घटना से खेतों में काम कर रहे लोगों में भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए ग्रामीण इधर-उधर भागने लगे। गोलियों की आवाज से आसपास के खेतों और गांवों में भी हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई । फायरिंग की घटना के बाद खेतों में कारतूस के खाली खोखे बिखरे मिलने की जानकारी सामने आई है। घटनास्थल पर गोलीबारी से मिले खोखों के मिलने की बात की जा रही है ।
घटना में घायल लालसिंह ने बताया कि , मैं गांव शंकराटीला का रहने वाला हूं । रात में खेत की जुताई कर रहा था तभी 25-30 लोग खेत पर आ गए और मेरी पिटाई करने लगे । हम 7 लोग खेत पर काम के रहे थे । सभी को पिटाई करते हुए फायरिंग करने लगे । सभी के पास राइफल और बंदूकें थीं । करीब 200 राउंड फायरिंग की है । हमारे ट्रैक्टर भी गंगा में फेंक दिए । पुलिस को मौके से कई खोखे और ज़िंदा कारतूस मिले हैं ।
ग्राम प्रधान संजय के मुताबिक , अचानक हुई फायरिंग से किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। गोलियों की आवाज ने पूरे इलाके में भय का माहौल कर दिया है।गोलीबारी की घटना में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़मुक्तेश्वर पहुंचाया गया है । वहां घायलों का उपचार किया जा रहा है।
सीओ गढ़ राहुल यादव ने बताया कि, दिनांक 14/15.11.2026 की रात्रि में थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के ग्राम शंकरटीला में 02 पक्षों के मध्य खेत जुताई को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें थाना बहादुरगढ़ पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए मजरूबों को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया, किसी को भी गोली लगने जैसी घटना नही हुई है। प्रकरण की गहनता से जांच कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। मौके पर शान्ति व कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।




