अमरोहा

त्रिवेणी शुगर मिल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम

भारी वाहनों पर लगाए गए रिफ्लेक्टर टेप

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
 अमरोहा थाना रहरा क्षेत्र के चंदनपुर शुगर मिल में यातायात माह–2025 के अंतर्गत सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक अमरोहा अखिलेश भदौरिया द्वारा थाना रहरा क्षेत्र स्थित त्रिवेणी शुगर मिल में एक विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मिल परिसर में आने-जाने वाले ट्रैक्टर–ट्रॉली, ट्रक, डंपर तथा अन्य भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए, ताकि रात के समय सड़क पर इन वाहनों की दृश्यता बढ़े और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
एएसपी ने स्वयं वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाते हुए उपस्थित वाहन चालकों, ट्रांसपोर्ट कर्मियों एवं श्रमिकों को सड़क सुरक्षा के मूल नियमों के बारे में विस्तार से जागरूक किया। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण लापरवाही है, जिसे सावधानी और नियमों के पालन से आसानी से रोका जा सकता है। उन्होंने चालकों को ओवरलोडिंग से परहेज करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट, तथा चारपहिया चालकों द्वारा सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से रिफ्लेक्टर टेप, संकेतक लाइट, ब्रेक लाइट और वाहन फिटनेस की नियमित जांच के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारी वाहनों में रिफ्लेक्टर टेप जीवन रक्षक साबित होता है, क्योंकि यह रात में दूर से ही वाहन की उपस्थिति का संकेत देता है और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को काफी हद तक कम करता है।
कार्यक्रम में मौजूद मिल प्रशासन, सुरक्षा कर्मियों और ड्राइवरों ने यातायात नियमों का पालन करने एवं सड़क सुरक्षा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। यातायात माह–2025 के तहत पुलिस द्वारा ऐसे कार्यक्रम पूरे जनपद में निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य लोगों में यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button