गोड्डा
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती पर जेएमएम ने दी श्रद्धांजलि
सेवा कार्यों के साथ मनाया स्मृति दिवस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा में जेएमएम का कार्यक्रम, सदर अस्पताल व आश्रमों में कंबल–फल वितरण
गोड्डा: झारखंड मुक्ति मोर्चा, गोड्डा जिला समिति की ओर से राज्य के निर्माता, जेएमएम के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं देशभर में आदिवासियों, गरीबों, दलितों और वंचितों के मसीहा स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष प्रो. प्रेम नन्दन कुमार के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता श्री हेमलाल मुर्मू उपस्थित रहे। पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बारी-बारी से गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि उन्हें गुरुजी के साथ लंबे समय तक कार्य करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि आज गुरुजी भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और सिद्धांत हमेशा अमर रहेंगे। गुरुजी का जीवन झारखंडी अस्मिता, आदिवासी अधिकार और सामाजिक न्याय की मिसाल है। वहीं जिला अध्यक्ष प्रो. प्रेम नन्दन कुमार ने कहा कि गुरुजी ने अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करने की जो सीख दी है, उसे जीवन भर नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गुरुजी के विचारों और दर्शन को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लेने की आज सबसे अधिक आवश्यकता है। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने गुरुजी के विचारों को जन-जन तक ले जाने की शपथ भी ली।कार्यक्रम के उपरांत झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए सदर अस्पताल, वृद्धा आश्रम एवं अनाथ आश्रम पहुंचकर मरीजों, अनाथ बच्चों और वृद्धजनों के बीच कंबल एवं फल का वितरण किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान “शिबू सोरेन अमर रहें”, “जब तक सूरज-चांद रहेगा, तब तक गुरुजी का नाम रहेगा”, “झारखंड मुक्ति मोर्चा जिंदाबाद” जैसे नारों से वातावरण भावुक और गमगीन बना रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विकास मुर्मू, बासुदेव सोरेन, सिमोन मालतो, मेरी सोरेन, श्रावण मंडल, पूनम देवी, मृत्युंजय सिंह, यूसुफ अंसारी, अजीमुद्दीन, गुड्डा मंडल, प्रशांत कुमार, शिवम दुबे, संतोष महतो, विलास मंडल, सोम मरांडी, बालमुकुंद महतो, मो. आरगमन, ललिता झा, शहनाज बेगम, मदन मंडल, रामचन्द्र मरांडी, विज महतो, स्वीकृत हांसदा, राजकुमार दास, सत्यनारायण मंडल सहित भारी संख्या में जेएमएम कार्यकर्ता उपस्थित थे।




