बरेली
12वां श्रीराम मूर्ति मेमोरियल एवं तृतीय यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट आरंभ
तीन दिवसीय टूर्नामेंट में 12 कैटेगरी में शामिल होंगे 30 जिलों के करीब चार सौ से ज्यादा खिलाड़ी होंगे शामिल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरेलीः श्रीराम मूर्ति कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में शुक्रवार सुबह 12वां श्रीराम मूर्ति मेमोरियल एवं तृतीय यूपी स्टेट रैंकिंग टेबिल टेनिस टूर्नामेंट आरंभ हुआ। श्रीराम मूर्ति स्मारक ट्रस्ट के सलाहकार सुभाष मेहरा ने फीता काट कर और बरेली टेबल टेनिस संघ के सचिव दीपेंद्र कमथान, मुख्य निर्णायक अंतरराष्ट्रीय व देश के पहले रैकेट कंट्रोलर अंतरराष्ट्रीय रेफरी अमित सिंह, टूर्नामेंट डायरेक्टर एनके लाहिरी, टूर्नामेंट के डिप्टी रैफरी पीके जैन, जूनियर नेशनल टीम के कोच पराग अग्रवाल और इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रिंसिपल डा. प्रभाकर गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह के बाद पहले दिन सब जूनियर ब्वायज (अंडर 15), सब जूनियर गर्ल्स (अंडर 15), यूथ ब्वायज (अंडर 19), जूनियर ब्वायज (अंडर 17), जूनियर बालिका (अंडर 17) और मेन्स की स्पर्धाएं आरंभ हुईं।
श्रीराम मूर्ति स्मारक ट्रस्ट के सलाहकार सुभाष मेहरा ने खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों, डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस एसोसिएशन बरेली के पदाधिकारियों का स्वागत किया और टूर्नामेंट में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भी संदेश दिया। डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस एसोसिएशन बरेली के सेक्रेटरी दीपेंद्र कमथान ने सभी का स्वागत किया और टूर्नामेंट के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस एसोसिएशन बरेली के तत्वाधान और उ.प्र. टेबल टेनिस एसोसिएशन के निर्देशन में आयोजित और स्टेग ग्लोबल द्वारा प्रायोजित इस टूर्नामेंट में ब्वायज और गर्ल्स वर्ग में 12 कैटेगरी में मुकाबले होंगे। तीन दिन में 400 खिलाड़ी 10 टेबल पर 650 सौ मैचों में जोर आजमाइश करेंगे। प्रतियोगिता में विजेता, उपविजेता और सेमीफाइनल में खेलने वाले खिलाड़ियों को कैश प्राइज में 75 हजार रुपये जीतने का मौका मिलेगा। इसके लिए सभी खिलाड़ी पहुंच चुके हैं। उद्घाटन समारोह के अंत में टूर्नामेंट के कंवीनर डा.सोवन मोहंती ने उद्घाटन समारोह में सभी अतिथियों का आभार जताया और धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर के सेक्रेटरी श्याम कुमार, वाइस प्रिंसिपल डा.ऋतु सिंह, प्लेसमेंट सेल के डायरेक्टर डा.अनुज कुमार, फार्मेसी विभाग के डीन डा.अमित कुमार शर्मा, चीफ प्रॉक्टर डा.विवेक यादव, टूर्नामेंट आयोजन कमेटी के सदस्य और अन्य फैकेल्टी मेंबर्स भी मौजूद रहे।


