क्राइम मीटिंग में दुर्गा पूजा को लेकर एसपी ने कड़ी निगरानी के दिये निर्देश
In the crime meeting, the SP gave instructions for strict monitoring regarding Durga Puja.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पुलिस अधीक्षक पाकुड़ की अध्यक्षता मेंं 16 सितंबर 2025 को मासिक अपराध गोष्ठी समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में माह अगस्त में प्रतिवेदित एवं निष्पादित कांडों की विस्तृत समीक्षोपरांत लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन हेतु सभी थाना/ओपी प्रभारी को निर्देशित किया गया। साथ ही विश्वकर्मा पूजा को शांति पूर्ण रूप से मनाने एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान सभी सुरक्षा एतिहात बरतने का निर्देश दिया गया। इस के अलावे आगामी दुर्गा पूजा 2025 को शान्ति पूर्ण रूप से मनाने हेतु शान्ति समिति की बैठक करने, सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा लगवाने, प्रतिमा विसर्जन मार्ग को सेनेटाइज करने के साथ ही सभी धार्मिक स्थलों पर सुरक्षात्मक उपाय करने, सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने, भीड़ भाड़ वाले पूजा पंडालों में शरारती तत्वों पर ड्रोन से निगरानी रखने एवं शांति भंग करने वाले अपराधियों/शरारती तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कारवाई करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने आने वाले पर्व त्यौहार के मद्देनजर पेट्रोलिंग टीम को मुस्तैदी के साथ गश्त करने तथा गश्त के दौरान क्यूआर कोड (QR code) स्कैन करने का आदेश दिया साथ ही अवैध खनिजों के उत्खनन/परिवहन के विरुद्ध जिला खनन टास्क फोर्स के साथ नियमित रूप से छापामारी अभियान चलाए जाने समेत नशामुक्ति/मानव तस्करी/साईबर अपराध/महिला अत्याचार/सड़क सुरक्षा के संबंध में प्रत्येक माह स्कूल/कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाए जाने का निर्देश दिया। बैठक में बढ़ते सड़क दुर्घटना पर नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर प्रतिदिन समय एवं स्थान बदल बदल कर नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाकर चालक का हेलमेट/सिटबेल्ट/ रजिस्ट्रेशन/ इंश्योरेंस इत्यादि की जांच करने तथा ड्रंकन ड्राईव के विरुद्ध नियमित रूप से जांच अभियान चलाए जाने का निर्देश दिया गया। साथ ही बैठक में उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों का भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की जानकारी के संबंध में लिखित परीक्षा ली गई जिसमें उत्कृष्ट प्राप्तांक लाने वाले पुलिस पदाधिकारी को पुरस्कृत किया। बैठक पुलिस सभा का आयोजन कर सभी पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस कर्मियों की समस्या बारी- बारी से सुनी गई एवं उक्त समस्या का अविलंब निदान हेतु सम्बन्धित शाखा प्रभारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।



