
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर में यातायात नियमों के गंभीर उल्लंघन का मामला सामने आया है। एक चार सीटर ऑटो में 24 यात्रियों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। जिसे यातायात पुलिस ने हाईवे-44 पर पकड़ लिया। पुलिस ने ऑटो को सीज कर चालक के खिलाफ चालान की कार्रवाई की है। इस घटना का वीडियो बुधवार को सामने आया है।
यह कार्रवाई मंगलवार शाम को की गई। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देश, एएसपी कालू सिंह व सीओ यातायात के निकट पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी आलोक तिवारी हाईवे-44 पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बिरधा की ओर जाते समय उन्हें एक ऑटो दिखाई दिया, जिसमें यात्री बाहर की ओर लटके हुए थे। यातायात प्रभारी ने तुरंत ऑटो को रुकवाया और यात्रियों को नीचे उतारकर गिनती कराई। जांच में ऑटो में कुल 24 यात्री सवार पाए गए, जबकि नियमों के अनुसार चालक के अतिरिक्त केवल चार यात्रियों को बैठाने की अनुमति होती है। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने ऑटो को सीज कर दिया और चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। पूछताछ में ऑटो चालक ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से ऑटो चला रहा है। यातायात प्रभारी आलोक तिवारी ने ऑटो को सीज कर दिया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।