शामली
वाहन चेकिंग अभियान, दर्जनों दोपहिया वाहन चालकों के काटे चालान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बे के मयूर तिराहे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया वाहनों को रोककर उनकी बारीकी से जांच की।चेकिंग के समय वाहन चालकों से हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा व प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक कागजातों की गहनता से पड़ताल की गई। कागजात पूरे ना होने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले दर्जनों वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।चेकिंग अभियान से मयूर तिराहे और आसपास के इलाकों में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही। कई वाहन चालक पुलिस को देखकर रास्ता बदलते नजर आए, जबकि कुछ ने मौके पर ही अपने दस्तावेज पूरे कराने का प्रयास किया।पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने तथा सभी आवश्यक कागजात साथ रखने की सख्त हिदायत दी। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया गया है, आगे भी इस तरह की चेकिंग जारी रहेगी।


