कैराना
ड्यूटी से घर लौट रहे दो युवक सड़क हादसे में घायल, एक की हालत गंभीर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। हरियाणा की एक निजी कंपनी से ड्यूटी कर लौट रहे दो युवक मंगलवार शाम सड़क हादसे में घायल हो गए। गांव मवी के निकट बाइक फिसलने से दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां से एक युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव सहपत निवासी संदीप पुत्र टेकराम और सागर पुत्र श्याम हरियाणा के थाना सनौली क्षेत्र के गांव कुराड़ स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। मंगलवार शाम दोनों बाइक से ड्यूटी समाप्त कर अपने गांव सहपत लौट रहे थे। बताया गया है कि गांव मवी के पास पहुंचते ही उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना राहगीरों ने डायल 112 पुलिस को दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल कैराना के सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने संदीप की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जबकि सागर का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है। पुलिस का कहना है कि हादसा बाइक फिसलने के कारण हुआ। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।