बेतुल
बैतूल अग्नि वीरों के सम्मान में आज निकलेगी स्वागत रैली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जिले के 34 नव-अग्निवीरों ने कठिन सैन्य प्रशिक्षण पूर्ण कर पहली बार अपने जिले में कदम रखा है। ये सभी युवा अपने दृढ़ संकल्प, साहस और अनुशासन के बल पर अग्निवीर योजना के तहत चयनित हुए थे और अब सफल प्रशिक्षण के बाद मातृभूमि की सेवा के लिए तैयार हैं। इन वीर सपूतों की घर वापसी को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए आज 16 जून को एक भव्य स्वागत रैली का आयोजन किया गया है। स्वागत रैली आज सुबह 11 बजे आरडीए प्रांगण से प्रारंभ होकर कॉलेज चौक तक जाएगी। आयोजन का उद्देश्य नव-अग्निवीरों का स्वागत करना है जिले के युवाओं को देशभक्ति और सैन्य सेवा के प्रति प्रेरित करना भी है। आरडीए परिवार द्वारा आयोजित इस समारोह में जिले के समस्त राष्ट्रभक्तों, युवाओं, छात्र-छात्राओं, नागरिकों, समाजसेवियों और मातृभूमि प्रेमियों से विनम्र अनुरोध किया गया है कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इन जांबाज सपूतों का जोशीले नारों और तालियों के साथ भव्य स्वागत करें और उनका उत्साहवर्धन करें।



