गाजियाबाद
लोनी की गुलाब वाटिका कॉलोनी में सुंदरकांड पाठ
भक्तिमय माहौल में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी बोर्डर क्षेत्र के वार्ड 41 स्थित गुलाब वाटिका कॉलोनी में मंगलवार को सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। जिसकी शुरुआत पंडित विनय कुमार शास्त्री (गोवर्धन वाले) द्वारा हनुमान जी महाराज की पूजा-अर्चना के साथ विधिः विधान के साथ सम्पन्न हुई। संगीतमय साज-सज्जा के बीच शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
कथा वाचक विनय शास्त्री ने सुंदरकांड के प्रसंगों के माध्यम से हनुमान जी के आदर्श, पराक्रम और समर्पण भाव पर विस्तार से प्रकाश डाला। संगीतमय प्रस्तुति के दौरान उपस्थित श्रोता भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरे कार्यक्रम के दौरान हनुमानजी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। पंडित विनय शास्त्री ने बताया गया कि सुंदरकांड पाठ को सुनने व कराने से मानसिक शांति, आत्मविश्वास और जीवन में उत्पन्न बाधाओं को दूर करने का एक सशक्त माध्यम माना जाता है, इसी आस्था के चलते भक्त जन पूजा-अर्चना कर अपना प्रसाद ग्रहण करते हैं।
इस अवसर पर पंडित विनय कुमार शास्त्री ने कहा कि ऐसी मान्यता है कि सुंदरकांड पाठ से हनुमान जी शीघ्र प्रसन्न होते हैं और भक्तों जनों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसके पाठ से घर-परिवार एवं आसपास सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे मानसिक शांति और भक्तो के आत्मबल में वृद्धि होती है। आयोजन के दौरान विशेष रूप से महिलाओं और बुजुर्ग श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
भंडारे में सैकड़ों भक्तों ने किया प्रसाद ग्रहण
सुंदरकांड पाठ के उपरांत कालोनी में आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान ‘जय श्री राम’ और ‘जय हनुमान’ के गगनभेदी जयकारे गूंजते रहे, जबकि पूरा परिसर भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा दिखाई दिया।



