एनसीआर में प्रतिबंधित अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस की कार्यवाही
दो लाख के पटाखों के साथ आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। जनपद हापुड़ में अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने कार्यवाही तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत पिलखुवा कोतवाली पुलिस ने अवैध पटाखों का कारोबार करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत के पांच कार्टून और पांच बोरे प्रतिबंधित अवैध पटाखे बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
हापुड़ पुलिस द्वारा जनपद में अपराध की रोकथाम और अवैध विस्फोटक सामग्री की बिक्री एवं भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पिलखुवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को ग्राम मदापुर मुस्तफाबाद के जंगल में स्थित एक निर्माणाधीन मकान से गिरफ्तार किया है । पिलखुवा पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर अवैध पटाखों को वहां रखकर उनके भंडारण और बिक्री में संलिप्त था।
दो लाख रुपये कीमत के पटाखे बरामद –
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से पांच कार्टून और पांच बोरे अवैध पटाखे बरामद किए गए। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। त्योहारों के दौरान पटाखों की मांग बढ़ने के बीच अवैध भंडारण से आग लगने और विस्फोट जैसी गंभीर घटनाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इकरार के रूप में हुई आरोपी की पहचान –
पुलिस ने प्रेस नोट जारी करते हुए बताया कि , गिरफ्तार आरोपी की पहचान इकरार पुत्र सलीम अहमद, निवासी ग्राम मदापुर मुस्तफाबाद, थाना पिलखुवा, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना पिलखुवा में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पिलखुवा पुलिस टीम की कार्रवाई –
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार बालियान के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही। टीम में उपनिरीक्षक नीरज कुमार, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह और कांस्टेबल अजय ने भूमिका निभाई।



