
7 दिन में होनी थी 13 पंचायतों की जांच, एक माह बाद भी कार्रवाई अधूरी, पहले दिन ही प्रशासन के खिलाफ दिखा आक्रोश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली/देवसर। जनपद पंचायत देवसर में कथित भ्रष्टाचार और निर्माण कार्यों की जांच में हो रही देरी को लेकर आखिरकार विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज शिकायतकर्ता प्रवेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में 11 नवंबर से एसडीएम कार्यालय देवसर के सामने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है। धरने के पहले दिन प्रदर्शनकारी मौके पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते नजर आए।
मामला जनपद पंचायत देवसर की 13 ग्राम पंचायतों में चेकडैम, ग्रेवल रोड, सीसी रोड और पुलिया निर्माण कार्यों में कथित तकनीकी एवं वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 30 सितंबर को प्रशासन ने आदेश क्रमांक 3675 जारी कर जांच दल को सात दिनों के भीतर जांच पूरी करने के निर्देश दिए थे, लेकिन एक महीने से अधिक समय गुजरने के बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी।
एक पंचायत तक सिमटी जांच, बाकी पर सवाल
शिकायतकर्ता के मुताबिक, जांच दल अब तक केवल डोंगा ग्राम पंचायत में ही भौतिक सत्यापन के लिए पहुंचा है, जबकि शेष पंचायतों में जांच की कार्रवाई लंबित है। जियावन, नौढिया, ईटार, धनहा, बूढ़ाडांड, सरोधा, अतरवा, चरकी और कारी सहित अन्य पंचायतों के निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई जा रही है।
पहले दिन धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी
बुधवार को एसडीएम कार्यालय के सामने शुरू हुए धरने में कई लोग शामिल हुए। धरना स्थल पर बैनर लगाकर जनपद पंचायत की कार्यप्रणाली और कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि सरकारी निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कराने के लिए किया जा रहा है।
जांच रिपोर्ट आने तक जारी रहेगा आंदोलन
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि सभी 13 ग्राम पंचायतों के निर्माण कार्यों का निष्पक्ष भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि जब तक सभी पंचायतों की जांच पूरी कर रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की जाती और उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि सात दिनों में पूरी होने वाली जांच एक महीने बाद भी अधूरी क्यों है? एसडीएम कार्यालय के सामने शुरू हुए इस आंदोलन के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है, इस पर क्षेत्रवासियों की निगाहें टिकी हुई हैं।




