डीबीएल के सहायक उपाध्यक्ष ने किया रेलवे स्टेशन परिसर स्थित गार्डन का निरीक्षण
Assistant Vice President of DBL inspected the garden located in the railway station premises.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन, हावड़ा मंडल के निरंतर प्रयास एवं उपायुक्त पाकुड़ मनीष कुमार की पहल पर दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड (डीबीएल), पाकुड़ के सौजन्य से पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित गार्डन तथा प्लेटफार्म संख्या एक पर अधिकारी विश्राम गृह के बगल में अवस्थित गार्डन के सौंदर्यीकरण एवं रखरखाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के सहायक उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने सोमवार को पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर स्थित दोनों गार्डनों का निरीक्षण किया तथा इनके समुचित रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण को लेकर आवश्यक सुझाव दिए। निरीक्षण के दौरान स्टेशन प्रबंधक, पूर्व रेलवे पाकुड़ लखीराम हेंब्रम द्वारा रेलवे परिसर स्थित गार्डनों की जानकारी दी गई। इस मौके पर ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हिसाबी राय, सचिव राणा शुक्ला, ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन पाकुड़ शाखा के अध्यक्ष-सह-मुख्य टिकट निरीक्षक अखिलेश कुमार चौबे, सचिव-सह-वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरभाष) संजय कुमार ओझा, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (विद्युत) राजू कुमार, दिलीप बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड के तकनीकी सलाहकार राकेश चौरसिया सहित अन्य उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिनिधियों ने सहायक उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार से आग्रह किया कि यदि दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड द्वारा इन गार्डनों के सौंदर्यीकरण एवं रखरखाव की जिम्मेदारी ली जाती है, तो यह रेलवे एवं आम यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी। ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन के लंबे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है, जिससे पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर में एक सुंदर एवं सुव्यवस्थित गार्डन विकसित होगा, जो स्टेशन के सौंदर्यीकरण में चार चांद लगाएगा। इस अवसर पर सहायक उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने कहा कि ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन का प्रयास सराहनीय है, जो पर्यावरण संरक्षण एवं पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर को सुंदर बनाने की दिशा में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पाकुड़ के विकास में योगदान देना दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड का सामाजिक उत्तरदायित्व है। गार्डन को सुव्यवस्थित करते हुए उसका भव्य तरीके से सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, ताकि यात्रियों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुकून भरा वातावरण मिल सके।



