
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : थाना मीरगंज पुलिस ने नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए 33 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीती रात गश्त के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर की गई। पुलिस की इस सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
कस्बा इंचार्ज उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल अनुज मलिक ,सिपाही अंकुर और नितिन नागर गश्त पर थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि दो युवक मीरगंज अंडरपास पर स्मैक के साथ मौजूद हैं। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों को दबोच लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान ,राहिल पुत्र ताहिर और नाजिम पुत्र इश्तियाक निवासी मोहम्मदगंज, मीरगंज बरेली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से क्रमशः 19 ग्राम व 14 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस सक्रियता से नशा तस्करों में हड़कंप है। स्थानीय लोगों ने मीरगंज पुलिस की तत्परता और प्रतिबद्धता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इसी तरह नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा।



