राज्य महिला आयोग की सदस्य ने सरधना में की महिला जनसुनवाई
समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मेरठ। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य मनीषा अहलावत ने सोमवार को सरधना तहसील में महिलाओं से संबंधित मामलों को लेकर जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में कुल 14 प्रकरण पुलिस से संबंधित प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के उपरांत उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरधना का निरीक्षण भी किया और वहां मौजूद स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की।
मा. सदस्य मनीषा अहलावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर और संवेदनशीलता से किया जाए। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि वे निडर होकर अपनी बात रखें, राज्य महिला आयोग हर संभव सहायता के लिए तत्पर है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों में तत्काल कार्रवाई करने और पीड़िताओं को न्याय दिलाने की दिशा में गंभीरता से कार्य करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी उदित नारायण, नायब तहसीलदार राहुल सिंह, महिला उपनिरीक्षक ज्योति व खुशबू शर्मा, जिला मिशन कोऑर्डिनेटर, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।


