लिट्टीपाड़ा थाना परिसर में बैंक कर्मियों, सीएसपी संचालकों व ज्वेलरी दुकानदारों के साथ सुरक्षा बैठक
Security meeting with bank employees, CSP operators and jewellery shopkeepers in Littipada police station premises.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। लिट्टीपाड़ा थाना परिसर में शनिवार को पुलिस इंस्पेक्टर बाबूराम भगत की अध्यक्षता में बैंक कर्मियों, सीएसपी संचालकों एवं ज्वेलरी दुकानदारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करना, अपराधों की रोकथाम करना तथा पुलिस और व्यवसायियों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना रहा। बैठक के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर ने बैंक एवं आभूषण दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने, नकदी लेन-देन के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही अपराधियों को अवसर प्रदान कर सकती है। सीएसपी संचालकों को ग्राहकों का उचित सत्यापन करने, लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित रखने एवं निर्धारित मानकों का पालन करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। वहीं ज्वेलरी दुकानदारों से दुकानों के बाहर पर्याप्त रोशनी, अलार्म सिस्टम तथा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पुलिस ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा को लेकर थाना स्तर से हरसंभव सहयोग किया जायेगा। बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर सहमति जताई। इस अवसर पर थाना प्रभारी विवेक कुमार, शाखा प्रबंधक ज्ञानेश कुमार, सांसद प्रतिनिधि निपेन मंडल, जेएमएम नेता दानिएल किस्कू, रवि वर्मा, सीएसपी संचालक विजय कुमार, अजय कुमार, किशोर कुमार, विष्णु कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।



