भरत पुर

ई-फाइलिंग के विरोध में राजस्व अदालतों में वकीलों का बहिष्कार

बयाना में वकीलों का विरोध, सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

भरतपुर राजस्व मंडल अजमेर द्वारा राज्य की राजस्व अदालतों में ई-फाइलिंग प्रक्रिया लागू किए जाने के विरोध में अधिवक्ताओं ने आंदोलन शुरू कर दिया है। रेवेन्यू बार एसोसिएशन अजमेर के सामूहिक आह्वान पर गुरुवार को बयाना में वकीलों ने राजस्व अदालतों से जुड़े सभी न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया और प्रदर्शन करते हुए राजस्व अपील अधिकारी सुनील आर्य को ज्ञापन सौंपा। बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजीत सिंह गुर्जर ने बताया कि गुरुवार 22 और शुक्रवार 23 जनवरी को राजस्व न्यायालयों के समस्त न्यायिक कार्यों के बहिष्कार का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि ई-फाइलिंग प्रक्रिया लागू करने से पहले न तो राजस्व बार एसोसिएशन से कोई चर्चा की गई और न ही राजस्थान रेवेन्यू कोर्ट मैन्युअल में आवश्यक संशोधन किए गए हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि राजस्व न्यायालयों में अधिकांश प्रकरण काश्तकारों से संबंधित होते हैं, जिन्हें ई-फाइलिंग की तकनीकी जानकारी नहीं है। ऐसे में फर्जीवाड़े और धोखाधड़ी की आशंका बढ़ सकती है। उन्होंने इस प्रक्रिया को पक्षकारों और अधिवक्ताओं के हितों के प्रतिकूल बताया। प्रदर्शन के दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजीत सिंह गुर्जर, भारतभूषण बंसल, महेन्द्र भूषण शर्मा, धनीराम गुर्जर, गयालाल शर्मा, नन्दकिशोर शर्मा, शैलेश शर्मा, नरेन्द्र गुर्जर, धीरज चौधरी, लोकेश कौशिक सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने मांग की कि ई-फाइलिंग लागू करने से पहले अधिवक्ताओं से संवाद कर नियमों में आवश्यक संशोधन किए जाएं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button