अग्निवीर जवान की हार्ट अटैक से हुई मौत, सैन्य सम्मान के साथ किया अलविदा
जवान के अकस्मात निधन पर लोगों ने जताया दुख....

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) – जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव कमालपुर निवासी अग्निवीर सैनिक मोईन चौधरी का अम्बाला में सैन्य ड्यूटी का निर्वहन करने के दौरान अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया । मोईन चौधरी हरियाणा के अंबाला छावनी में तैनात थे । जैसे ही उनके निधन की सूचना गांव में उनके परिजनों तक पहुंची, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई । मोइन चौधरी तीन साल पहले ही अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुए थे ।
शहीद मोईन के पिता जाकिर चौधरी ने बताया कि मोईन चौधरी वर्ष 2022 में अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। कम उम्र में ही उनके मन में देश की सेवा का जज्बा भरा हुआ था । सेना में भर्ती होने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत के साथ तैयारी की थी ।
मोईन के पिता जाकिर ने बताया कि उन्हें दोपहर में ही बेटे के निधन की सूचना मिल गई थी , जिससे पूरा परिवार और ग्रामवासी दुखी हो गए । उन्होंने बताया कि शाम तक मोईन का पार्थिव शरीर गांव कमालपुर पहुंचेगा , जिसके बाद दफीना (अंतिम संस्कार) किया जाएगा ।
ग्रामवासी अधिवक्ता चौधरी मुजीबुर्रहमान ने बताया कि मोईन चौधरी गांव में बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव का युवक था। उन्होंने कहा कि मोईन हर सुख-दुख में गांव वालों के साथ रहता था। जब भी वह छुट्टी पर गांव आता, तो सेना के अनुभव और वीर गाथाएं युवाओं को सुनाकर उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित करता था।
मोईन के निधन से गांव कमालपुर में दुख का माहौल बन गया । परिजनों को सांत्वना देने के लिए रिश्तेदारों, ग्रामीणों और क्षेत्र के गणमान्य लोग लगातार पहुंच रहे है। परिजनों ने बताया कि देर शाम को पार्थिव शरीर गांव पहुंचने के बाद गांव के कब्रिस्तान में पूरे सम्मान के साथ मोईन चौधरी को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। देश सेवा के जज्बे के साथ सेना में शामिल हुए एक होनहार अग्निवीर का इस तरह असमय चले जाना न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूर्णीय क्षति है।




