गोड्डा
महात्मा गांधी कि पुण्यतिथि पर पथरगामा में कुष्ठ जागरूकता पखवाड़ा का शुभारंभ
30 जनवरी से 14 फरवरी तक चलेगा अभियान, स्वास्थ्यकर्मियों ने दिलाई शपथ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से कुष्ठ जागरूकता अभियान पखवाड़ा का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह अभियान 30 जनवरी से 14 फरवरी 2026 तक प्रखंड के सभी ग्रामों में समुदाय स्तर पर चलाया जाएगा।
सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लोगों को शपथ दिलाई गई और कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता संदेश दिया गया। इस दौरान बताया गया कि कुष्ठ रोग कोई छुआछूत की बीमारी नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह इलाज योग्य रोग है। समय पर पहचान और उपचार से रोगी सामान्य जीवन जी सकता है। कार्यक्रम की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा में शपथ ग्रहण के साथ की गई, जहां स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया। स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों से अपील किया कि यदि किसी व्यक्ति में कुष्ठ रोग के लक्षण दिखाई दें तो उसे छुपाने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। अभियान के दौरान घर-घर जाकर लोगों को कुष्ठ रोग के लक्षण, उपचार और इससे जुड़े भ्रमों के बारे में जानकारी दी जाएगी, ताकि समाज से भेदभाव की भावना समाप्त हो और रोगियों को सम्मान के साथ उपचार मिल सके।



