गोड्डा

 मिशन स्कूल की रसोइया के साथ यौन शोषण का मामला

प्राचार्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा : झारखंड के गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र स्थित एक मिशन स्कूल के फादर (प्राचार्य) पर स्कूल की ही एक महिला रसोइया के साथ गंभीर यौन शोषण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर सुंदरपहाड़ी थाना में कांड संख्या 33/26 के तहत तिलाबाद निवासी फादर थॉमस सोरेन के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, और पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी है।
काम का प्रलोभन और ब्लैकमेलिंग का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक आदिवासी महिला अपने पति के साथ रोजगार की तलाश में बाहर रहती थी और जून माह में वह काम की तलाश में सुंदरपहाड़ी आई थी। आरोप है कि तिलाबाद पंचायत स्थित मिशन स्कूल के फादर ने उसे काम दिलाने का प्रलोभन देकर बुलाया और स्कूल में रसोइया के पद पर रख लिया।
पीड़िता स्कूल के किचन की जिम्मेदारी संभालती थी, जबकि उसका पति बच्चों के लिए खाना बनाने का काम करता था। पीड़िता का गंभीर आरोप है कि इसी दौरान फादर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसके बच्चे को मिशन स्कूल से निकालने और पति-पत्नी दोनों को काम से बेदखल करने की धमकी दी। आरोप है कि फादर ने अपने कमरे और स्कूल के कार्यालय में ले जाकर कई बार उसका यौन शोषण किया।
गर्भपात कराने का आरोप और बिगड़ती तबीयत
पीड़िता के अनुसार, लगातार यौन शोषण के कारण वह गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी फादर ने उसे गर्भपात की दवा खिलाकर चुप रहने का दबाव बनाया। दवा के सेवन से जब महिला की तबीयत बिगड़ी, तो उसने पूरी आपबीती अपने पति को बताई।
पति ने जब इस बात की शिकायत फादर से की, तो उन्होंने कुछ इलाज करवाया। हालांकि, हालत अधिक गंभीर होने पर महिला को गोड्डा के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां उसे चिकित्सकीय देखरेख, में रखा गया।
महिला आयोग की पूर्व सदस्य का हस्तक्षेप
इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद पीड़िता ने राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व सदस्य सह भाजपा प्रदेश समिति की सदस्य ममता कुमारी से संपर्क कर न्याय की गुहार लगाई। ममता कुमारी के हस्तक्षेप के बाद सुंदरपहाड़ी थाना में त्वरित रूप से प्राथमिकी दर्ज हो सकी।
इस गंभीर मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ममता कुमारी ने कहा कि “पूरे राज्य में महिलाओं की अस्मिता के साथ खिलवाड़ हो रहा है और महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। हाल के दिनों में महगामा में पाकुड़ की नाबलिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म और जमशेदपुर के गम्हरिया में फरियाद लेकर थाने पहुंची पीड़िता के साथ पुलिस अधिकारी द्वारा दुष्कर्म की घटना सामने आई है। सुंदरपहाड़ी में मिशनरी संस्था के फादर पर लगा आरोप अत्यंत दुखद है, ऐसी घटनाएं समाज के लिए कलंक हैं और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुंदरपहाड़ी के थाना प्रभारी विधानचंद्र पटेल ने बताया कि पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button