गोड्डा
पथरगामा मुख्य चौक पर अतिक्रमण बना जाम का कारण
- प्रशासन ने 1 सितंबर तक हटाने का दिया सख्त निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
– दुकानदारों को जारी किया गया नोटिस
– तय समय सीमा के बाद खुद हटाएगा प्रशासन, खर्च वसूला जाएगा
पथरगामा, गोड्डा । पथरगामा मुख्य चौक एवं बाजार क्षेत्र में दोनों ओर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। प्रशासन के बार-बार मना करने और कार्रवाई के बावजूद भी दुकानदार अतिक्रमण की प्रवृत्ति से बाज नहीं आ रहे हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति तब बनती है जब जाम में एंबुलेंस फंस जाती हैं, जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी होती है। कई बार एम्बुलेंस को सायरन बजाते हुए भी रास्ता नहीं मिल पाता, जो कि अत्यंत गंभीर स्थिति को दर्शाता है। इसके बावजूद, दुकानदारों पर इसका कोई असर नहीं दिखाई देता। अतिक्रमण की वजह से चौक पर टेंपो, ऑटो, बस और अन्य वाहनों को सड़कों पर ही सवारी उठानी पड़ती है जिससे घंटों तक मार्ग अवरुद्ध रहता है। खासकर टोटो और टेम्पो चालकों द्वारा पैसेंजर उठाने के दौरान सड़क पर वाहन रोकने से यातायात ठप हो जाता है। जिससे स्थानीय जनता और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। प्रशासन ने पहले भी कई बार अतिक्रमण हटवाया, लेकिन कुछ ही दिनों में दुकानदार दोबारा अतिक्रमण कर लेते हैं। यह समस्या दीर्घकालीन हो चुकी है और अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। इस बार पथरगामा प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी दुकानदारों को 31 अगस्त तक का समय दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि 1 सितंबर तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन स्वयं अतिक्रमण हटाएगा और उसकी लागत संबंधित दुकानदारों से वसूली जाएगी।अधिकारियों के द्वारा माइकिंग के माध्यम से दुकानदारों को सूचित किया जा रहा है, ताकि वे समय रहते अतिक्रमण स्वयं हटा लें और प्रशासनिक कार्रवाई से बच सकें। प्रशासन द्वारा जारी नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि अतिक्रमण हटाने के बाद यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समाजसेवी प्रदीप भगत और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा है कि यदि यह अभियान प्रभावी तरीके से लागू किया जाए तो पथरगामा को जाम की समस्या से राहत मिल सकती है।



