बेतुल
बैतूल में एनएसयूआई का उग्र प्रदर्शन
पुलिया निर्माण में अनियमितता का आरोप, ठेकेदार-छात्रों में झड़प, पुलिस ने संभाला मोर्चा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल में आज गुरुवार दोपहर 12:30 बजे के लगभग उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब कॉलेज चौक पर निर्माणाधीन पुलिया को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि पिछले लगभग दो महीनों से कॉलेज की मुख्य सड़क पूरी तरह बंद पड़ी है, जिससे हजारों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों और संबंधित ठेकेदार के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। छात्रों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान मोटरयान अधिनियम और लोक निर्माण विभाग के मापदंडों के अनुसार सुरक्षित डायवर्सन रोड की व्यवस्था नहीं की गई है, जो सीधे तौर पर जनसुरक्षा से खिलवाड़ है। साथ ही, उनका आरोप है कि जहां साधारण पाइप पुलिया पर्याप्त थी, वहां बॉक्स पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे शासकीय धन के संभावित दुरुपयोग और भ्रष्टाचार की आशंका जताई जा रही है। इतना ही नहीं, सांसद या विधायक निधि से स्थापित बस स्टॉप को बिना किसी वैधानिक आदेश के हटाए जाने का भी आरोप लगाया गया है। छात्रों ने पूरे मामले की स्वतंत्र तकनीकी और वित्तीय जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है, लेकिन छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जांच और कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।



