बकरीद से पहले एक्शन में योगी के अफसर।

त्यौहार की आड़ में नहीं होने दी जाएगी प्रतिबंधित पशुओं की बलिः डीएम।
डीएम-एसपी ने पुलिस-प्रशासनिक अमले के साथ किया स्लॉटर हाउस का निरीक्षण।
नियम-कायदे और मानकों की बारीकी से की गई जांच।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
हापुड़। बकरीद के त्यौहार को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार एक्शन मोड़ में है। जिले के सभी अफसरों को निर्देश दिये गये हैं कि प्रदेश में किसी भी सूरत में त्यौहार की आड़ में प्रतिबंधित पशुओं की बलि न दी जाए और न ही अराजकता फैल पाए। इसी को लेकर हापुड़ जिले के डीएम और एसपी निर्देशों का पालन करने के लिए फील्ड में उतर आए हैं।
बीती देर शाम को हापुड़ के डीएम अभिषेक पाण्डेय और एसपी ज्ञानंजय सिंह ने मय प्रशासनिक और पुलिस टीम के साथ रामपुर रोड स्थित रेबन फूड प्राईवेट लिमिटेड मीट फैक्ट्री पर छापेमारी की। यहां स्लाटर हाउस का अधिकारियों ने गहनता से निरीक्षण किया। मीट फैक्ट्री में मानकों की धज्जियां तो नहीं उड़ाई जा रहीं, इसकी भी जांच-पड़ताल की। फैक्ट्री के संचालक सिराज कुरैशी को मानकों के अनुसार ही कार्य करने के निर्देश दिये गये ।
डीएम अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि बकरीद के त्यौहार की आड़ में प्रतिबंधित पशुओं की बलि किसी भी सूरत में नहीं होने दी जाएगी, डीएम ने बताया कि हालांकि यहां फैक्ट्री में मानकों का पालन किया जा रहा है, लेकिन फैक्ट्री के आसपास बिना मानकों और अवैध स्लॉटर हाउसों को नहीं चलने दिया जाएगा। ऐसे स्लॉटर हाउसों के खिलाफ प्रशासन के द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम अभिषेक पाण्डेय ने बताया कि त्यौहार पर अराजकता फैलाने वाले गुंडा तत्व के लोगों को भी चिन्हित करने के निर्देश दिये गये हैं। शहर में पशुओं के अवशेष का निस्तारण कराने के निर्देश दिये गये हैं। त्यौहार के समय साफ-सफाई का पूरी तरह से ध्यान रखा जाएगा। कोई भी कुर्बानी खुले में नहीं होने दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसपी ज्ञानंजय सिंह, सीओ सिटी जितेन्द्र शर्मा, एसडीएम इला प्रकाश के साथ-साथ पशु विभाग और पॉल्यूशन विभाग की भी टीमें मौजूद रहीं।


