अमरोहा
कांवड यात्रा 2025: हाईवे पर दिन-रात लग रहा जाम
पुलिस के लिए सिरदर्द बना कैंची व्यवस्था में बदलाव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पुलिस को जाम खुलवाने में कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है
पुलिस के लिए सिरदर्द बना कैंची व्यवस्था में बदलाव, दिन-रात लग रहा जाम
ओसिता जगदेपुर के अंडरपास से वन-वे किया जा रहा ट्रैफिक
गजरौला/अमरोहा। कांवड यात्रा 2025 : इस बार किए गए कैंची व्यवस्था में बदलाव से पुलिस का सिरदर्द बढ़ गया है। क्योंकि अब हाईवे पर दिन-रात जाम की समस्या बनने लगी है। इससे न सिर्फ पुलिस के पसीने छूट रहे हैं बल्कि वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूर तक वाहनों की कतार पहुंच रही है।दरअसल, हर बार ब्रजघाट चौकी के पास में ही कैंची व्यवस्था रहती थी। मगर, इस बार हापुड़ पुलिस के दवाब में अमरोहा की पुलिस ने इस व्यवस्था में बदलाव किया। ब्रजघाट चौकी के पास से कैंची व्यवस्था को खत्म कर लगभग 500 मीटर की दूरी पर गांव ओसिता जगदेपुर के सामने बने अंडरपास से दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहन को डायवर्ट कर मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाली हाईवे की साइड पर वन-वे किया जा रहा है। क्योंकि हाईवे की मुख्य सड़क कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर रखी है। इस व्यवस्था के चलते हाईवे पर जाम की समस्या उत्पन्न होने लगी।
वाहनों की लगने लगीं कतारें
एक-एक कर वाहनों की कतार लगने लगी और हाईवे की दोनों साइडों पर जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। सर्विस रोड पर भी जाम लग गया। यातायात पुलिस के अलावा थाना और ब्रजघाट चौकी की पुलिस भी जाम खुलवाने में छूट गई। जाम में फंसे लोगों ने बताया कि वाहनों की कतार गंगा पुल तक पहुंचने से परेशानी बढ़ी। टीएसआई अनुज ताेमर ने बताया कि जाम खुलवाने में पुलिस लगी हुई है। नई व्यवस्था से कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन, जाम से जल्द मुक्ति मिलेगी।


