मथुरा
वृंदावन में संत प्रेमानंद के सत्संग में विराट-अनुष्का भक्तों संग बैठे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर आध्यात्मिक नगरी वृंदावन पहुंचे। इस बार उनकी यात्रा पहले की तरह निजी मुलाकात तक सीमित नहीं रही, बल्कि वे हजारों श्रद्धालुओं के बीच सामान्य भक्त की तरह सत्संग में शामिल होते नजर आए। जानकारी के अनुसार, विराट और अनुष्का ने बिना किसी विशेष प्रोटोकॉल के संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचन स्थल पर पहुंचकर साधारण श्रद्धालुओं के बीच बैठकर सत्संग सुना। इससे पहले वे संत महाराज से एकांतिक वार्तालाप के माध्यम से शांत वातावरण में मिलते रहे हैं, लेकिन इस बार उन्होंने सार्वजनिक सत्संग में भाग लिया। बताया जा रहा है कि इस दौरे की सूचना स्थानीय पुलिस को पूर्व में नहीं दी गई थी। हालांकि उनके आगमन की चर्चा धीरे-धीरे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच फैल गई, जिसके बाद सत्संग स्थल पर उत्सुकता और भी बढ़ गई। इसके बावजूद दंपती ने पूरी सादगी और संयम बनाए रखा। सत्संग के दौरान संत प्रेमानंद महाराज ने ‘दीक्षा’ और ‘शरणागति’ के बीच के अंतर पर विस्तार से प्रकाश डाला। विराट और अनुष्का ध्यानपूर्वक प्रवचन सुनते दिखाई दिए।



