दिनदहाड़े घर में रखी अलमारी के ताले तोड़कर दो लाख की चोरी।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव में दिनदहाड़े कमरे में रखी सेफ अलमारी के ताले तोड़कर लाखों के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई। पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। चोरी गए सामान की कीमत लगभग दो लाख रुपय बताई जा रही है।कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्लीपुर खादर निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र मोहर सिंह,जो हरियाणा के सोनीपत में अपने परिवार के साथ मेहनत-मजदूरी करता हैं, पीड़ित ने बताया कि बुधवार की दोपहर उनके घर के सभी सदस्य खेतों में धान की गहाई के लिए गए हुए थे। इसी दौरान, किसी अज्ञात व्यक्ति ने कमरे के किवाड़ खोलकर अंदर प्रवेश किया।चोरों ने कमरे में रखी सेफ अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने की कंठी, तीन बच्चों के तिबजिया, एक सोने की अंगूठी, बच्चों की दो जोड़ी चांदी की पायल दो जोड़ी चांदी की बड़ी पायल और चालीस हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली।शाम को परिजन जब खेत से घर को लौटे, तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। परिजनों के द्वारा 112 डायल पुलिस को फोन कर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची 112 डायल पुलिस ने जांच पड़ताल की। परिजनों की सूचना पर जितेंद्र सिंह भी सोनीपत से देर रात घर पहुंचा और गुरुवार की सुबह अज्ञात चोरों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। जब इस बारे में प्रभारी निरीक्षक प्रेम पाल सिंह से बात की तो उन्होंने बताया चोरी की घटना झूठी है,मामला भाइयों के बीच का है। जांच कराई जा रही है जो भी दोषी होगा उस पर कार्यवाही की जाएगी।



