ललितपुर
रिजर्व पुलिस लाइन्स में एसपी ने ली साप्ताहिक परेड की सलामी
व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, दिये निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स पहुंचकर साप्ताहिक परेड की सलामी ली और परेड का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल को अनुशासन, तत्परता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने परेड की ड्रिल, अनुशासन, ड्रेस कोड और आपसी तालमेल की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने जवानों की प्रस्तुति पर संतोष जताते हुए आवश्यक सुधार के लिए दिशा-निर्देश भी दिए। परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित विभिन्न शाखाओं में शस्त्रागार, परिवहन शाखा, भोजनालय, क्वार्टर गार्ड, कैंटीन, कंट्रोल रूम और वर्दी स्टोर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव तथा संसाधनों की उपलब्धता और स्थिति की समीक्षा की गई और संबंधित प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। एसपी ने डायल-112 के पीआरवी वाहनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की साफ-सफाई, वायरलेस सेट, जीपीएस ट्रैकर, टैब/मोबाइल सहित अन्य आपात कालीन उपकरणों की कार्यशीलता परखी। पीआरवी स्टाफ को आमजन के प्रति संवेदनशील, संयमित और सेवा भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए रिस्पॉन्स टाइम और बेहतर करने के सुझाव दिए। इसके उपरांत अर्दली रूम का आयोजन कर विभिन्न मदों के रजिस्टरों का अवलोकन किया गया। विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाहियों, शिकायतों और लंबित पत्रावलियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए एसपी ने त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित शाखा प्रभारियों को दिए। परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन्स सुनील भारद्वाज, प्रतिसार निरीक्षक जगदीश चन्द्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।